मुंबई। आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाला बहुप्रतीक्षित मुकाबला अब तय समय पर खेला जाएगा। 15 फरवरी को दोनों टीमें आमने-सामने होंगी। पाकिस्तान सरकार ने आधिकारिक तौर पर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) को इस मैच में भाग लेने की अनुमति दे दी है, जिससे लंबे समय से चल रहा सस्पेंस खत्म हो गया।
पीसीबी चेयरमैन ने पीएम को दी पूरी जानकारी
PCB के चेयरमैन मोहसिन नकवी ने प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ को ICC, बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) और अन्य सदस्य देशों के साथ हुई अहम बैठकों के परिणामों से अवगत कराया। इसके बाद सरकार ने सभी पहलुओं पर विचार करते हुए टीम को भारत के खिलाफ मैच खेलने की मंजूरी दे दी।
बताया जा रहा है कि पहले पाकिस्तान ने सरकार की सलाह पर भारत के खिलाफ मैच खेलने से इनकार करने का संकेत दिया था, जिससे टूर्नामेंट पर अनिश्चितता के बादल छा गए थे।
लाहौर बैठक में नहीं मानी गईं पाकिस्तान की शर्तें
लाहौर में हुई लंबी बैठक में पाकिस्तान ने कई मांगें रखीं, जिनमें द्विपक्षीय और त्रिकोणीय सीरीज, खिलाड़ियों के व्यवहार और अन्य प्रोटोकॉल से जुड़े मुद्दे शामिल थे। हालांकि ICC ने अधिकांश मांगों को स्वीकार नहीं किया। इसके बाद PCB ने अपना रुख नरम किया और अंततः मैच खेलने का फैसला लिया गया।
ICC का रुख स्पष्ट, बांग्लादेश को राहत
ICC ने साफ किया कि भारत में मैच खेलने से इनकार की स्थिति में बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) पर किसी प्रकार का आर्थिक या प्रशासनिक जुर्माना नहीं लगाया जाएगा। साथ ही BCB को विवाद समाधान समिति से संपर्क करने का अधिकार भी सुरक्षित रहेगा।
इस फैसले से बांग्लादेश को भी संभावित सुरक्षा और प्रशासनिक चिंताओं के बीच राहत मिली है, अब 15 फरवरी को होने वाला भारत-पाक मुकाबला एक बार फिर दुनिया भर के क्रिकेट प्रशंसकों के लिए रोमांच का केंद्र बनने जा रहा है।
T20 World Cup 2026 IND vs PAK: सस्पेंस खत्म, 15 फरवरी को भारत के खिलाफ मैच खेलेगा पाकिस्तान, ICC के सामने झुकी शहबाज सरकार
Leave a Comment
