Vadodara ODI Rohit-Virat : वडोदरा। भारत और न्यूजीलैंड के बीच वडोदरा के कोटाम्बी स्टेडियम में खेले गए एकदिवसीय मैच (ODI) के दौरान रोहित शर्मा और विराट कोहली को क्रिकेट के इतिहास में यादगार अंदाज़ में सम्मानित किया गया। बड़ौदा क्रिकेट एसोसिएशन (BCA) ने खिलाड़ियों के लिए एक अनोखा स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया, जिसने स्टेडियम में मौजूद दर्शकों और सोशल मीडिया पर क्रिकेट प्रेमियों को चौंका दिया।

‘अनबॉक्सिंग’ स्टाइल एंट्री
मिड-इनिंग्स ब्रेक के दौरान बाउंड्री लाइन पर एक विशाल अलमारी रखी गई थी, जिस पर रोहित और विराट के बड़े पोस्टर लगे थे। उद्घोषक ने खिलाड़ियों के नाम की घोषणा करते ही अलमारी के दरवाजे खुले और दोनों मुस्कुराते हुए बाहर आए। इस अनोखे ‘अनबॉक्सिंग’ से स्टैंड्स में मौजूद दर्शक हंसी से झूम उठे। सोशल मीडिया पर इस स्वागत समारोह को “अनबॉक्सिंग सेरेमनी” के नाम से जमकर सराहा जा रहा है।

जय शाह और मिथुन मनहास ने किया सम्मान
इस विशेष समारोह में ICC के अध्यक्ष जय शाह और BCCI प्रमुख मिथुन मनहास भी मौजूद रहे। दोनों ने पिच के पास जाकर रोहित और विराट को फूलों का गुलदस्ता भेंट किया और भारतीय क्रिकेट में उनके अभूतपूर्व योगदान की सराहना की। इस अंदाज़ में दोनों खिलाड़ियों को सम्मानित करना कोटाम्बी स्टेडियम के पहले अंतरराष्ट्रीय मैच को और भी यादगार बना गया।

