मुंबई: भारतीय क्रिकेटर पृथ्वी शॉ ने अपने घरेलू करियर में एक बड़ा फैसला लेते हुए मुंबई क्रिकेट संघ से नाता तोड़ लिया है। अब वह 2025-26 घरेलू सत्र में महाराष्ट्र क्रिकेट संघ की ओर से खेलते नजर आएंगे। इस बदलाव की आधिकारिक पुष्टि महाराष्ट्र क्रिकेट संघ ने की है।
सूत्रों के मुताबिक, पृथ्वी शॉ ने मुंबई क्रिकेट संघ से अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) हासिल करने के बाद यह निर्णय लिया। अब वह ऋतुराज गायकवाड़ की कप्तानी में महाराष्ट्र की टीम में शामिल होंगे। शॉ के इस फैसले को उनके करियर में नई दिशा देने वाला कदम माना जा रहा है।

क्यों टूटा मुंबई से नाता
Prithvi Shaw को खराब फिटनेस और अनुशासनात्मक मामलों के कारण पहले ही मुंबई की रणजी टीम से बाहर कर दिया गया था। उन्होंने आखिरी बार मुंबई के लिए सैयद मुश्ताक अली टी20 ट्रॉफी के फाइनल में मध्य प्रदेश के खिलाफ मैच खेला था। हालांकि उनके मैदान के बाहर के बर्ताव ने उनके क्रिकेट प्रदर्शन से ज्यादा सुर्खियां बटोरीं।
शॉ का बयान: “नया अध्याय शुरू करने का वक्त”
Prithvi Shaw ने अपने इस फैसले को करियर के लिए जरूरी बदलाव बताया है। उन्होंने कहा “महाराष्ट्र के साथ नया अध्याय शुरू करने से मुझे क्रिकेटर के रूप में खुद को फिर से साबित करने का मौका मिलेगा। मैं मुंबई क्रिकेट संघ का अब तक के सहयोग के लिए आभारी हूँ।”

करियर पर एक नजर
Prithvi Shaw ने अब तक भारत के लिए 5 टेस्ट और 6 वनडे मुकाबले खेले हैं। उन्होंने एक समय में खुद को उभरते सितारों में शुमार करवाया था, लेकिन हाल के वर्षों में चोटों और अनुशासनात्मक मामलों के चलते वह टीम इंडिया से बाहर चल रहे हैं।
महाराष्ट्र की टीम को मिलेगा फायदा
क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि शॉ जैसे आक्रामक बल्लेबाज का महाराष्ट्र की टीम से जुड़ना उनके टॉप ऑर्डर को मजबूती देगा। साथ ही, पृथ्वी के लिए भी यह मौका है कि वह खुद को फिर से साबित करें और अपने प्रदर्शन से राष्ट्रीय टीम में वापसी की उम्मीद जगाएं।