भारतीय शतरंज खिलाड़ी आर प्रज्ञानंद ने लास वेगास में चल रहे फ्रीस्टाइल शतरंज ग्रैंड स्लैम टूर में दुनिया के नंबर-1 खिलाड़ी मैग्नस कार्लसन को मात देकर सनसनी मचा दी है। 19 वर्षीय ग्रैंडमास्टर ने महज 39 चालों में पांच बार के वर्ल्ड चैंपियन को हराया, जो उनकी अब तक की सबसे प्रभावशाली जीतों में से एक मानी जा रही है।
कार्लसन, जो हाल ही में भारत के डी गुकेश से भी हार चुके हैं, को इस बार प्रज्ञानंद ने टूर्नामेंट के ग्रुप स्टेज के चौथे राउंड में शिकस्त दी। इस जीत के साथ प्रज्ञानंद ने 4.5 अंकों के साथ तालिका में संयुक्त बढ़त बना ली है।
लगातार शानदार प्रदर्शन
प्रज्ञानंद ने टूर्नामेंट की शुरुआत नोदिरबेक अब्दुसत्तोरोव से ड्रॉ खेलकर की। इसके बाद उन्होंने असाउबायेवा और कीमर को मात दी। चौथे राउंड में कार्लसन के खिलाफ उन्होंने काले मोहरों से खेलते हुए निर्णायक जीत हासिल की।
कार्लसन की रफ्तार थमी
कार्लसन ने टूर्नामेंट में दो जीत से अच्छी शुरुआत की थी, लेकिन फिर प्रज्ञानंद और वेस्ली सो से हार गए। अंतिम दौर में उन्होंने असाउबायेवा को हराया, लेकिन प्लेऑफ में लेवोन अरोनियन से दोनों गेम हारकर वह खिताबी दौड़ से बाहर हो गए। अब वे केवल तीसरे स्थान तक ही सीमित रह सकते हैं।
शीर्ष पर भारतीय युवा
प्रज्ञानंद के साथ नोदिरबेक अब्दुसत्तोरोव और जावोखिर सिंडारोव भी 4.5 अंकों के साथ ग्रुप में शीर्ष पर हैं। अरोनियन 4 अंकों के साथ आगे बढ़े हैं, जबकि कार्लसन संयुक्त रूप से चौथे स्थान पर रहे।
इस जीत ने न सिर्फ प्रज्ञानंद की प्रतिभा को फिर से साबित किया है, बल्कि यह भी दिखाया है कि भारतीय शतरंज खिलाड़ी अब विश्व मंच पर लगातार मजबूत उपस्थिति दर्ज कर रहे हैं।