IND vs SA 4th T20I Cancelled : लखनऊ। भारत और साउथ अफ्रीका के बीच चौथा टी20 मुकाबला लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेला जाना था, लेकिन लंबे इंतजार और छह बार टॉस टालने के बाद भी धुंध नहीं हटने के कारण मैच को रद्द करना पड़ा। भारतीय समयानुसार मैच का टॉस 6:30 बजे होना था और गेम 7 बजे शुरू होने वाला था, लेकिन मैदान पर छाई कोहरे की चादर ने शुरुआत तक बाधा डाली।

मैच अधिकारियों ने धुंध का निरीक्षण कई बार किया। पहला इंस्पेक्शन 6:50 बजे किया गया, इसके बाद स्थिति को देखते हुए निरीक्षण की टाइमिंग 7:30, 8:00, 8:30, 9:00 और आखिरी 9:25 बजे तय की गई। ICC नियमों के अनुसार अगर मैच को 5-5 ओवर का कम किया जाना था, तो पहली गेंद कम से कम 9:46 बजे फेंकी जानी चाहिए थी। 9:25 बजे अंतिम इंस्पेक्शन के बाद जब स्थिति में सुधार नहीं हुआ, तो खिलाड़ियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मैच रद्द कर दिया गया।

शुभमन गिल टी20 सीरीज से बाहर
चौथे टी20 से पहले ही खबर आई कि भारत के उपकप्तान शुभमन गिल चोट के कारण सीरीज के आखिरी दो मुकाबलों से बाहर हो गए हैं। प्रैक्टिस के दौरान उनके पैर में चोट लगी थी। उनकी जगह संजू सैमसन को अंतिम मैच में मौका मिलने की संभावना है।
सीरीज का आखिरी मुकाबला 19 दिसंबर को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा, जहां भारत और साउथ अफ्रीका पांचवीं और निर्णायक टी20 में आमने-सामने होंगे।
