IND vs NZ U19 : नई दिल्ली। भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम ने गेंदबाजों और बल्लेबाजों के संतुलित प्रदर्शन की बदौलत न्यूजीलैंड को सात विकेट से हराकर ग्रुप चरण का शानदार समापन किया। इस जीत के साथ ही भारत ने लगातार तीसरी जीत दर्ज की और सुपर सिक्स चरण में अपनी जगह पक्की कर ली।
बारिश से प्रभावित इस मुकाबले में शुरुआत में मैच तय समय पर शुरू नहीं हो सका और करीब एक घंटे की देरी के बाद टॉस हुआ। भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का निर्णय लिया। शुरुआत में मैच 47-47 ओवर का तय हुआ था, लेकिन न्यूजीलैंड की पारी के दौरान बारिश दोबारा हुई और अंततः मुकाबले को 37-37 ओवर का कर दिया गया।
न्यूजीलैंड की टीम 36.2 ओवर में 135 रन पर सिमट गई। भारत की ओर से आरएस अंबरीश ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार विकेट लिए, वहीं हेनिल पटेल को तीन सफलताएं मिलीं। इसके अलावा खिलान पटेल, मोहम्मद इनान और कनिष्क चौहान ने एक-एक विकेट लिया। न्यूजीलैंड की ओर से कैलम सैमसन 37 रन नाबाद रहे और सेल्विन संजय ने 28 रन जोड़े।
संशोधित लक्ष्य 130 रन का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने 13.3 ओवर में ही जीत हासिल कर ली। कप्तान आयुष म्हात्रे ने आक्रामक अंदाज में 53 रन की अर्धशतकीय पारी खेली। उनके साथ वैभव सूर्यवंशी ने 40 रन बनाकर दूसरे विकेट के लिए 76 रन की अहम साझेदारी निभाई। अंत में विहान मल्होत्रा और वेदांत त्रिवेदी ने नाबाद रहते हुए टीम को जीत दिलाई।
इस जीत के साथ ही भारत ने अमेरिका, बांग्लादेश और न्यूजीलैंड को हराकर ग्रुप में शीर्ष प्रदर्शन किया और सुपर सिक्स चरण में प्रवेश किया।
