नई दिल्ली। महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप 2025 के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने ऐतिहासिक इनामी राशि का ऐलान किया है। इस बार विजेता टीम को 4.48 मिलियन अमेरिकी डॉलर यानी लगभग 40 करोड़ रुपये मिलेंगे, जो 2022 वर्ल्ड कप की तुलना में 239% अधिक है। इतना ही नहीं, कुल इनामी राशि में 297% की बढ़ोतरी की गई है और इसे बढ़ाकर 13.88 मिलियन डॉलर (करीब 122 करोड़ रुपये) कर दिया गया है।
पुरुष वर्ल्ड कप से भी ज्यादा इनामी राशि
दिलचस्प बात यह है कि महिला वर्ल्ड कप 2025 की कुल इनामी राशि पुरुष वर्ल्ड कप 2023 से भी अधिक है। पुरुष टूर्नामेंट में 10 मिलियन डॉलर (करीब 88 करोड़ रुपये) बांटे गए थे। आईसीसी का यह कदम महिला क्रिकेट के विकास और खिलाड़ियों को समान अवसर देने की दिशा में एक बड़ा बदलाव माना जा रहा है।

प्राइज मनी
चरण / स्थान | इनामी राशि (USD) | भारतीय रुपये (लगभग) |
---|---|---|
विजेता टीम | $4.48 मिलियन | ₹40 करोड़ |
उपविजेता टीम | $2.24 मिलियन | ₹20 करोड़ |
सेमीफाइनल हारने वाली टीमें (प्रत्येक) | $1.12 मिलियन | ₹10 करोड़ |
ग्रुप स्टेज में हिस्सा लेने वाली हर टीम | $0.25 मिलियन | ₹2.20 करोड़ |
ग्रुप मैच में जीत (प्रत्येक) | $34,314 | ₹30 लाख |
5वां स्थान | $0.7 मिलियन | ₹6 करोड़ |
6वां स्थान | $0.7 मिलियन | ₹6 करोड़ |
7वां स्थान | $0.28 मिलियन | ₹2.5 करोड़ |
8वां स्थान | $0.28 मिलियन | ₹2.5 करोड़ |
जय शाह का बयान
आईसीसी चेयरमैन जय शाह ने इसे महिला क्रिकेट के लिए ऐतिहासिक मील का पत्थर बताया। उन्होंने कहा “इनामी राशि में यह चार गुना बढ़ोतरी हमारे इस संदेश को मजबूत करती है कि महिला क्रिकेटर्स को भी वही सम्मान और अवसर मिलना चाहिए, जो पुरुष खिलाड़ियों को मिलता है। यह कदम नई पीढ़ी को प्रेरित करेगा और महिला क्रिकेट की लोकप्रियता को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा।”
महिला क्रिकेट का नया युग
आईसीसी ने हाल ही में महिला और पुरुष खिलाड़ियों के लिए समान वेतन का ऐलान भी किया था। अब बढ़ी हुई इनामी राशि के साथ महिला वर्ल्ड कप 2025 न सिर्फ खिलाड़ियों बल्कि फैन्स और पार्टनर्स के लिए भी एक बड़ा आकर्षण बनने जा रहा है। भारत और श्रीलंका में होने वाला यह टूर्नामेंट महिला क्रिकेट को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिला सकता है।