‘GOAT इंडिया टूर 2025’ के आखिरी दिन अर्जेंटीना के महान फुटबॉलर Lionel Messi दिल्ली पहुंचे, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया। राजधानी के ऐतिहासिक अरुण जेटली स्टेडियम में आयोजित सम्मान समारोह में इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) के चेयरमैन जय शाह ने मेसी को खास गिफ्ट देकर सम्मानित किया।

इन दिनों भारतीय खेल जगत में Lionel Messi की भारत यात्रा को लेकर जबरदस्त चर्चा है। तीन दिवसीय ‘GOAT इंडिया टूर 2025’ के तहत मेसी अपने दौरे के अंतिम चरण में दिल्ली पहुंचे। अरुण जेटली स्टेडियम में उन्हें देखने के लिए फैंस की भारी भीड़ उमड़ी और माहौल पूरी तरह उत्साह से भर गया।

सम्मान समारोह के दौरान जय शाह ने मेसी को भारतीय क्रिकेट टीम की जर्सी भेंट की, जिस पर उनका फेमस नंबर-10 अंकित था। इसके अलावा उन्हें एक विशेष क्रिकेट बैट भी गिफ्ट किया गया, जिस पर दिग्गज भारतीय क्रिकेटरों के ऑटोग्राफ मौजूद हैं। इस मौके पर मेसी को टी-20 वर्ल्ड कप की इनविटेशनल टिकट भी दी गई, जो भारत और अमेरिका के बीच होने वाले मुकाबले की है।

इस खास आयोजन में Lionel Messi ने युवा खिलाड़ियों और बच्चों से मुलाकात की और उन्हें फुटबॉल से जुड़ी अहम टिप्स भी दीं। मंच से अपने अनुभव साझा करते हुए मेसी ने कहा, मैं भारत में इन दिनों के दौरान मिले प्यार और स्नेह के लिए सभी का दिल से धन्यवाद करना चाहता हूं। यह हमारे लिए बेहद खूबसूरत अनुभव रहा। हम निश्चित रूप से भारत वापस आएंगे उम्मीद है किसी मैच के लिए या किसी और अवसर पर।

गौरतलब है कि Lionel Messi के ‘GOAT इंडिया टूर 2025’ की शुरुआत कोलकाता से हुई थी। इसके बाद वे हैदराबाद पहुंचे, दूसरे दिन मुंबई गए और अंत में दिल्ली आकर अपने इस यादगार भारत दौरे का समापन किया।
