CWG 2030 : अहमदाबाद। भारत को 2030 के कॉमनवेल्थ गेम्स (CWG 2030) की मेजबानी का अधिकार प्राप्त हो गया है और इस बार यह भव्य खेल आयोजन गुजरात के अहमदाबाद शहर में होगा। यह घोषणा स्कॉटलैंड के ग्लासगो में कॉमनवेल्थ स्पोर्ट्स एग्जीक्यूटिव बोर्ड की बैठक के दौरान की गई, जिसमें भारत को नाइजीरिया जैसी प्रतियोगी देशों पर बढ़त हासिल हुई। भारत ने इससे पहले 2010 में दिल्ली में कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी की थी और 14 साल बाद एक बार फिर यह गौरव हासिल किया है।
2030 कॉमनवेल्थ गेम्स अहमदाबाद में XXIV Commonwealth Games के नाम से आयोजित होंगे और इसमें 74 देशों के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। यह तीसरी बार होगा जब यह आयोजन एशिया में हो रहा है; इससे पहले 1998 में कुआला लुम्पुर और 2010 में दिल्ली में कॉमनवेल्थ गेम्स आयोजित हुए थे। अहमदाबाद ने हाल के वर्षों में स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर को अत्याधुनिक बनाने पर जोर दिया है और शहर पहले ही AFC U-17 एशियन कप क्वालिफायर्स और कॉमनवेल्थ वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप जैसे बड़े टूर्नामेंट की मेजबानी कर चुका है। आने वाले वर्षों में शहर एशियन वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप और एशिया पैरा-आर्चरी कप जैसी प्रतियोगिताओं की मेजबानी भी करेगा।
शहर में करीब 3000 खिलाड़ियों के रहने, प्रशिक्षण और सुविधाओं के लिए आधुनिक एथलीट विलेज का निर्माण किया जाएगा। 2030 में कॉमनवेल्थ गेम्स के 100 साल पूरे हो रहे हैं, क्योंकि इसका पहला संस्करण 1930 में कनाडा के हैमिल्टन में आयोजित हुआ था। भारत की मेजबानी में होने वाला यह संस्करण विशेष रूप से महत्वपूर्ण होगा और देश के ओलंपिक सपनों को भी मजबूती देगा।
अहमदाबाद में होने वाले इस मेगा आयोजन से न केवल भारत के खेल इतिहास में नया अध्याय जुड़ेगा, बल्कि युवा खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगा और देश की खेल संस्कृति को वैश्विक स्तर पर पहचान मिलेगी।
