Abhishek Sharma : गुवाहाटी: भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले जा रहे पांच मैचों की टी20 सीरीज में तीसरे मुकाबले में अभिषेक शर्मा ने बल्ले से तहलका मचा दिया। गुवाहाटी के बारसापारा क्रिकेट स्टेडियम में 25 जनवरी को खेले गए इस मैच में भारतीय टीम ने 8 विकेट से शानदार जीत दर्ज की और सीरीज में 3-0 की बढ़त बनाई।
इस मैच में अभिषेक शर्मा ने मात्र 20 गेंदों में नाबाद 68 रन की धमाकेदार पारी खेली। उनका स्ट्राइक रेट 340 के करीब रहा। इस दौरान उन्होंने 7 चौके और 5 छक्के लगाए। इस विस्फोटक बल्लेबाजी को देखकर न्यूजीलैंड के खिलाड़ी भी दंग रह गए और मैच के बाद उन्होंने अभिषेक का बैट चेक किया।
न्यूजीलैंड के ओपनर डेवॉन कॉनवे और तेज गेंदबाज जैकब डफी ने यह जांच की कि आखिर इस बैट में ऐसा क्या खास है जो गेंदों को बाउंड्री तक भेज रहा है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसमें अभिषेक शर्मा मुस्कुराते हुए दिखाई दे रहे हैं।
वीडियो वायरल होने के बाद फैन्स और क्रिकेट विशेषज्ञों ने तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दीं। कुछ ने मजाक में कहा कि शायद बैट में कोई “चिप” लगी हो, तो कुछ ने इसे युवराज सिंह और सचिन तेंदुलकर की याद दिलाई, जब विरोधी खिलाड़ियों ने पहले कभी बैट चेक किया था।
इसके अलावा, अभिषेक शर्मा ने इस मैच में मात्र 14 गेंदों में अर्धशतक बनाकर इतिहास रचा। वह युवराज सिंह के बाद भारत के लिए दूसरा सबसे तेज़ अर्धशतक बनाने वाले खिलाड़ी बने। युवराज सिंह ने 12 गेंदों में अर्धशतक लगाया था।
