अर्जेंटीना के दिग्गज फुटबॉलर और फीफा वर्ल्ड कप विजेता लियोनेल मेस्सी ने अपने करियर के बाद की योजनाओं को लेकर बड़ा खुलासा किया है। मेस्सी ने साफ कर दिया है कि वे संन्यास के बाद कोच बनने के इच्छुक नहीं हैं, बल्कि उनका सपना अपना खुद का फुटबॉल क्लब शुरू करने का है।
ईएसपीएन के मुताबिक, अर्जेंटीना के स्ट्रीमिंग चैनल लूज़ू टीवी को दिए इंटरव्यू में मेस्सी ने कहा कि वे खुद को कोच की भूमिका में नहीं देखते। उन्होंने बताया कि उन्हें मैनेजर बनने का विचार पसंद है, लेकिन सबसे ज्यादा आकर्षण क्लब का मालिक बनने में है। मेस्सी का कहना है कि वे शुरुआत से एक क्लब खड़ा करना चाहते हैं, ताकि युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने और कुछ बड़ा हासिल करने का मौका मिल सके।
अपने करियर के अंतिम चरण में मेस्सी इस दिशा में कदम भी बढ़ा चुके हैं। उन्होंने अपने पुराने साथी खिलाड़ी लुइस सुआरेज़ के साथ मिलकर उरुग्वे की चौथी डिवीजन में डेपोर्टिवो एलएसएम नाम से एक क्लब लॉन्च किया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, इस क्लब से फिलहाल करीब 3,000 सदस्य और 80 पेशेवर खिलाड़ी जुड़े हुए हैं।
इसके अलावा, मेस्सी ने हाल ही में ‘मेस्सी कप’ की भी शुरुआत की है। यह 16 वर्ष से कम आयु वर्ग का एक अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट है, जिसमें दुनिया भर की आठ फुटबॉल अकादमियां हिस्सा लेती हैं। इसका उद्देश्य युवा प्रतिभाओं को मंच देना और प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देना है।
गौरतलब है कि जून 2026 में 38 साल के होने वाले मेस्सी संभवतः अपना आखिरी फीफा विश्व कप खेल सकते हैं। हालांकि, इंटर मियामी के साथ उनके हालिया अनुबंध विस्तार के चलते वे 40 साल की उम्र तक फुटबॉल खेलते नजर आ सकते हैं।
संन्यास के बाद कोचिंग से दूरी बनाते हुए, युवा खिलाड़ियों के भविष्य को संवारने की दिशा में मेस्सी की यह सोच उनके करियर की एक नई और प्रेरणादायक पारी की ओर इशारा कर रही है।
