रायपुर। विधानसभा में विधायक उमेश पटेल ने रायगढ़ जिले में इंडस्ट्रियल पार्क के कार्य और आबंटन की स्थिति को लेकर सवाल उठाया। उन्होंने पूछा कि इस परियोजना का कार्य कब आबंटित हुआ और कब पूरा हुआ। उन्होंने यह भी कहा कि इस पर लगभग 13 करोड़ रुपये खर्च हो चुके हैं, लेकिन अब तक आबंटन की प्रक्रिया शुरू नहीं हुई है।
इसके जवाब में मंत्री ने बताया कि यह कार्य वर्ष 2022 में पूर्ण हो चुका है और इस मार्च महीने से आबंटन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। विजयपुर इंडस्ट्रियल पार्क को लेकर भी सवाल उठाए गए, जिस पर मंत्री ने कहा कि नई उद्योग नीति लागू हो चुकी है और इस दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है। मुआवजे को लेकर भी सवाल पूछे गए कि यह किस दर से दिया गया और क्या सभी प्रभावित लोगों को उचित मुआवजा मिला। मंत्री ने स्पष्ट किया कि सभी पात्र हितग्राहियों को मुआवजा प्रदान किया गया है और इस संबंध में अब तक कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है।
