रायपुर। राजधानी रायपुर के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र अंतर्गत कंकाली तालाब में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। तालाब में शव दिखाई देने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकलवाया गया।
प्रारंभिक जांच में मृतक के पास से कोई भी पहचान संबंधी दस्तावेज बरामद नहीं हुए हैं, जिससे उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के रहवासियों से पूछताछ कर रही है, वहीं घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
पुरानी बस्ती थाना प्रभारी शील आदित्य सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पेट्रोलिंग टीम को मौके पर भेजा गया। फिलहाल शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस हत्या, हादसा या अन्य किसी कारण से मौत की आशंका को ध्यान में रखते हुए सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
