रायपुर। शहर के व्यस्त सरस्वती नगर रेलवे फाटक को जल्द ही बंद किया जाएगा। इसके बाद यात्री आमानाका अंडरब्रिज के माध्यम से ही आ-जा सकेंगे। रेलवे ने इस सुविधा के लिए लगभग पौने दो करोड़ रुपए की लागत से 610 मीटर लंबी कांक्रीट सड़क का निर्माण पूरा कर लिया है, जिसे जनवरी के अंत तक लोगों के लिए खोलने की योजना है।
मुंबई-हावड़ा रेल मार्ग पर स्थित यह फाटक रोजाना करीब 100 बार बंद होता है, जिससे लंबा जाम लग जाता है। वर्तमान में यहां 6 मीटर चौड़ी सड़क है। रेलवे द्वारा बनाई गई नई सड़क भी 6 मीटर चौड़ी है, लेकिन बिजली विभाग के 17 खंभे बाधा बने हुए थे। इन्हें हटाने के लिए रेलवे ने विभाग को 25 लाख रुपए का भुगतान कर दिया है।
डीआरएम रायपुर रेल मंडल के दयानंद ने बताया कि फाटक बंद होने के कारण रोजाना सुबह 10 से 12 बजे और शाम 5 से 9 बजे तक दोनों तरफ लगभग एक किलोमीटर लंबा जाम लगता है। जाम में स्कूली बसें फंस जाती हैं और बच्चे समय पर स्कूल नहीं पहुंच पाते। वहीं, ऑफिस जाने वाले लोग भी देरी का सामना करते हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार सुबह 9 बजे से रात 10 बजे तक इस मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहती हैं।
नई सड़क के शुरू होने के बाद शहरवासियों को इस मार्ग पर आवाजाही में काफी राहत मिलने की उम्मीद है।
