रायपुर छत्तीसगढ़ शासन के जल संसाधन विभाग द्वारा रायपुर जिले के विकासखंड धरसींवा स्थित भिम्भौरी जलाशय की नहर लाइनिंग एवं जीर्णोद्धार कार्यों के लिए 4 करोड़ 22 लाख 25 हजार रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है।
इस योजना के अंतर्गत प्रस्तावित कार्यों के पूर्ण होने के बाद जलाशय की रूपांकित सिंचाई क्षमता 200 हेक्टेयर के विरुद्ध वर्तमान में 90 हेक्टेयर की कमी को पूरा किया जा सकेगा। इसके साथ ही पूर्ण रूपांकित क्षेत्र में किसानों को नियमित एवं बेहतर सिंचाई सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
जल संसाधन विभाग मंत्रालय, महानदी भवन द्वारा उक्त जलाशय योजना के कार्यों के क्रियान्वयन हेतु मुख्य अभियंता, महानदी-गोदावरी कछार जल संसाधन विभाग, रायपुर को प्रशासकीय स्वीकृति जारी कर दी गई है।
भिम्भौरी जलाशय के नहर लाइनिंग एवं जीर्णोद्धार कार्यों से क्षेत्र के किसानों को सिंचाई लाभ मिलने के साथ-साथ कृषि उत्पादन में वृद्धि होने की भी संभावना है।
