मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की मंशा के अनुरूप राज्य में महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। विभिन्न विभागों की हितग्राहीमूलक योजनाओं से जोड़कर उन्हें आर्थिक गतिविधियों में शामिल किया जा रहा है। ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़कर महिलाएं प्रशिक्षण प्राप्त कर व्यवसाय शुरू कर आत्मनिर्भर बन रही हैं।

महासमुंद जिले के ग्राम गुलझर की जय बड़ादेव महिला स्व-सहायता समूह ने साबित किया है कि सही दिशा, दृढ़ इच्छाशक्ति और सामूहिक प्रयास से आत्मनिर्भरता का रास्ता आसान हो जाता है। वर्ष 2019 में गठित इस समूह ने स्थानीय संसाधनों का उपयोग कर अपनी आर्थिक स्थिति में सुधार लाया।
बकरी पालन को बनाया स्थायी आय का जरिया
समूह अध्यक्ष श्रीमती गोमती ध्रुव के अनुसार उन्होंने बकरी पालन को व्यवसाय के रूप में अपनाया, जो ग्रामीण परिवेश में कम लागत और कम प्रशिक्षण में भी लाभकारी साबित हुआ।
बिहान योजना से मिला संबल
बकरी पालन की शुरुआत उन्होंने बिहान योजना के तहत 1 लाख रुपये के ऋण से की। समय पर ऋण अदायगी के बाद क्रमशः 2 लाख और 4 लाख रुपये का ऋण लेकर व्यवसाय का विस्तार किया। समूह को 15 हजार रुपये का रिवॉल्विंग फंड और 60 हजार रुपये का सामुदायिक निवेश कोष भी प्राप्त हुआ।
बकरी खाद से अतिरिक्त आमदनी
समूह की 8 महिला सदस्यों के पास चार से पाँच बकरियां हैं। वे जैविक बकरी खाद तैयार कर बाजार में बेच रही हैं, जिससे प्रति महिला को हर माह 4 से 5 हजार रुपये की अतिरिक्त आय हो रही है। इस खाद की मांग पुणे जैसे बड़े शहरों में भी है।
आकांक्षा हाट में मिली सफलता
हाल ही में जिला पंचायत परिसर में आयोजित आकांक्षा हाट में समूह के स्टॉल पर बकरी खाद को लोगों से जबरदस्त प्रतिसाद मिला, जिससे महिलाओं का आत्मविश्वास और बढ़ा।
अन्य के लिए बनी प्रेरणा
श्रीमती गोमती ध्रुव और उनकी साथी महिलाओं ने दिखाया है कि संगठित होकर और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर महिलाएं अपनी आजीविका को मजबूत बनाने के साथ अन्य के लिए प्रेरणास्रोत भी बन सकती हैं। समूह ने बिहान योजना और अन्य सरकारी योजनाओं के लिए शासन का आभार व्यक्त किया।