Raipur : रायपुर। 23 जनवरी को शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाले टी-20 मुकाबले को लेकर छत्तीसगढ़ क्रिकेट संघ (CSCS) ने प्रवेश व्यवस्था को पूरी तरह व्यवस्थित कर दिया है। इस बार दर्शकों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रवेश नियमों में बड़ा बदलाव किया गया है। तय समय के बाद स्टेडियम पहुंचने वाले किसी भी दर्शक को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
एंट्री और एग्जिट व्यवस्था में बदलाव
दिसंबर में हुए वनडे मैच के दौरान हुई अव्यवस्था और हंगामे से सबक लेते हुए इस बार स्टेडियम के आधा दर्जन से अधिक गेटों पर प्रवेश और बाहर निकलने का समय पहले से निर्धारित किया गया है। इसका उद्देश्य भीड़ को नियंत्रित करना और किसी भी तरह की अफरा-तफरी से बचना है।
देर से पहुंचने वालों को नहीं मिलेगा प्रवेश
पिछली बार कई दर्शक देर से स्टेडियम पहुंचे थे, जिससे गेट बंद करना पड़ा और नाराज दर्शकों ने विरोध किया। कुछ जगहों पर गेट तोड़ने जैसी घटनाएं भी सामने आईं। इस बार क्रिकेट संघ का स्पष्ट कहना है कि ऐसी स्थिति दोबारा नहीं बनने दी जाएगी।

सुरक्षा व्यवस्था में कड़े कदम
पिछली बार प्राइवेट सुरक्षा एजेंसी की लापरवाही के कारण वैध दर्शकों को परेशानी हुई थी। इस बार हर एंट्री गेट पर छत्तीसगढ़ क्रिकेट संघ के सदस्य तैनात रहेंगे, जो प्रवेश प्रक्रिया और सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करेंगे।
निर्धारित समय का पालन अनिवार्य
CSCS के डायरेक्टर विजय शाह ने बताया कि दर्शकों को अपने निर्धारित गेट से तय समय के भीतर ही प्रवेश करना होगा। समय सीमा के बाद पहुंचने पर किसी भी स्थिति में एंट्री नहीं दी जाएगी और इसकी जिम्मेदारी दर्शकों की स्वयं की होगी। बार-बार गेट खोलने और बंद करने से सुरक्षा प्रभावित होती है, इसलिए इस बार नियमों का सख्ती से पालन किया जाएगा।

पुलिस प्रशासन की मदद
भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पुलिस प्रशासन की भी मदद ली जा रही है। पिछले अनुभवों की समीक्षा के आधार पर स्टेडियम के अंदर और बाहर दर्शकों की आवाजाही को सुचारू बनाया जाएगा, ताकि टी-20 मुकाबले के दौरान किसी भी तरह की असुविधा न हो।
