नॉर्थ अमेरिका छत्तीसगढ़ एसोसिएशन के सहयोग से होगा आयोजन
रायपुर, प्रदेश के समग्र विकास में प्रवासी छत्तीसगढ़ियों की सहभागिता को सशक्त बनाने के उद्देश्य से राजधानी रायपुर में 27 एवं 28 मार्च 2026 को दो दिवसीय “प्रवासी छत्तीसगढ़ कॉन्क्लेव” का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन नॉर्थ अमेरिका छत्तीसगढ़ एसोसिएशन (NACHA) एवं छत्तीसगढ़ एनआरआई संघ के सहयोग से किया जा रहा है।
इस कॉन्क्लेव में भारत के बाहर विभिन्न देशों में निवासरत छत्तीसगढ़ी समाज के प्रतिनिधि शामिल होंगे। आयोजन के लिए पंजीयन प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ की जाएगी।
विकास से जुड़ेंगे प्रवासी छत्तीसगढ़ी
कॉन्क्लेव के माध्यम से प्रवासी छत्तीसगढ़ियों को प्रदेश के सामाजिक, सांस्कृतिक एवं आर्थिक विकास से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान निवेश की संभावनाओं, रोजगार सृजन, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, उद्योग एवं स्टार्टअप विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया जाएगा।
साथ ही, प्रवासी छत्तीसगढ़ियों के अनुभव, विशेषज्ञता एवं संसाधनों के माध्यम से राज्य के विकास में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर चर्चा की जाएगी।
वैश्विक पहचान को मिलेगी मजबूती
इस कॉन्क्लेव का उद्देश्य प्रदेश और प्रवासी छत्तीसगढ़ी समाज के बीच संवाद को सुदृढ़ करना तथा सहयोग की नई संभावनाओं को तलाशना है। यह आयोजन छत्तीसगढ़ की पहचान को वैश्विक स्तर पर और अधिक मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध होगा।
कॉन्क्लेव में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े विशेषज्ञ, उद्यमी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं विशिष्ट अतिथि भाग लेंगे।
मुख्यमंत्री का संदेश
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रवासी छत्तीसगढ़ी प्रदेश की अमूल्य पूंजी हैं। उन्होंने कहा—
“विदेशों में रहकर कार्य कर रहे छत्तीसगढ़ी नागरिक अपने ज्ञान, अनुभव और निवेश के माध्यम से राज्य के विकास को नई गति दे सकते हैं। सरकार चाहती है कि प्रवासी छत्तीसगढ़ी प्रदेश के औद्योगिक, शैक्षणिक और सामाजिक विकास में सक्रिय भूमिका निभाएं।”
