व्यावसायिकता के बीच सेवा भाव बनाए रखना एक बड़ी चुनौती – श्री श्याम बिहारी जायसवाल
नया रायपुर स्थित श्री सत्य साईं अस्पताल में 31वें स्टूडेंट नर्सिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया के द्विवार्षिक सम्मेलन का आयोजन हुआ। इस मौके पर स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि नर्सेस स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ हैं, जो अपनी जान की परवाह किए बिना सेवा करती हैं। कोविड-19 महामारी में इसका सर्वोत्तम उदाहरण देखने को मिला।
उन्होंने कहा कि सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार कर सकती है, लेकिन इसे सुचारू रूप से चलाने के लिए डॉक्टर्स और नर्सेस को सेवा भाव अपनाना होगा। नर्सिंग केवल पेशा नहीं बल्कि करुणा, लचीलापन और समर्पण का प्रतीक है।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री ने टीएनएआई द्वारा प्रकाशित स्मारिका का विमोचन किया और श्री सत्य साईं अस्पताल में निःशुल्क दिल का ऑपरेशन कर स्वस्थ हुए 4 बच्चों को नवजीवन का उपहार देकर घर भेजा।
इस अवसर पर श्री सत्य साईं हॉस्पिटल रिसर्च फाउंडेशन के चेयरमैन सी. श्रीनिवासन, आयुष विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. पी. के. पात्रा, टीएनएआई की पदाधिकारी और नर्सिंग छात्राएं मौजूद रहीं।
