छत्तीसगढ़ सरकार की महतारी वंदन योजना ने प्रदेश की महिलाओं को आत्मनिर्भरता की नई राह दिखाई है। मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले की श्रीमती हिन्देश्वरी इंदु राजे ने इस योजना से प्रेरित होकर अपने कठिन हालातों को पीछे छोड़ा और छोटे होटल व्यवसाय की शुरुआत कर सफलता की नई मिसाल कायम की है।
पूर्व में मितानिन के रूप में सेवा दे चुकी हिन्देश्वरी ने योजना से मिलने वाली ₹1000 की मासिक सहायता को अपनी माता के साथ मिलकर बचाया और होटल व्यवसाय की नींव रखी। धीरे-धीरे अपने व्यवसाय का विस्तार कर उन्होंने आर्थिक रूप से सशक्त स्थिति हासिल की।
उन्होंने इस सफलता का श्रेय मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय और महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े के मार्गदर्शन को दिया।
महतारी वंदन योजना के तहत अब तक प्रदेश की 21 से 60 वर्ष आयु वर्ग की विवाहित, विधवा, तलाकशुदा और परित्यक्ता महिलाओं को 10,433.64 करोड़ रुपये की राशि वितरित की जा चुकी है। यह योजना न केवल आर्थिक सहायता, बल्कि महिलाओं के आत्मनिर्भर बनने की मजबूत नींव भी बन रही है।
हिन्देश्वरी जैसी महिलाओं की सफलता राज्य की दूसरी महिलाओं को भी आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा दे रही है।