धमतरी। धमतरी जिला कुंभकार समाज केंद्र सिवनी द्वारा अमर शहीद मिंधू कुम्हार की पुण्यतिथि श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर समाजजनों ने उनके छायाचित्र पर पूजा-अर्चना कर पुष्पांजलि अर्पित की और अमर शहीद को नमन किया।
कार्यक्रम के उपरांत कुंभकार समाज द्वारा “अमर शहीद मिंधू कुम्हार अमर रहें” और “भारत माता की जय” के नारों के साथ भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए।

अमर शहीद मिंधू कुम्हार पुण्य स्मृति मंच के कार्यवाहक अध्यक्ष गगन कुंभकार तथा पूर्व जिलाध्यक्ष द्विजराम कुंभकार ने अमर शहीद मिंधू कुम्हार की जीवनी पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने बताया कि वर्ष 1930 में अंग्रेजी हुकूमत द्वारा घास काटने पर भी कर लगाए जाने के विरोध में धमतरी के समीप बेंद्रानवागांव जंगल सत्याग्रह का नेतृत्व करते हुए मात्र 18 वर्ष की आयु में मिंधू कुम्हार ने हाथ में हंसिया लेकर कानून तोड़ा। उनकी निर्भीकता से बौखलाए अंग्रेजों ने फायरिंग का आदेश दे दिया, जिसमें सीने में गोली लगने से वे “वंदे मातरम्” का उद्घोष करते हुए शहीद हो गए।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर ग्राम सिवनी खुर्द में जिला स्तरीय कुंभकार समाज की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सामाजिक गतिविधियों पर चर्चा के साथ-साथ पंचगइहा केंद्र सिवनी खुर्द के पदाधिकारियों का सर्वसम्मति से निर्वाचन किया गया।
निर्वाचित पदाधिकारी इस प्रकार हैं—
केंद्र प्रधान:
- श्री हिरामन चक्रधारी (बारना)
सचिव:
- श्री ओमप्रकाश चक्रधारी (बाजार पारा, सिवनी खुर्द)
जिला प्रतिनिधि:
- श्री तोरण लाल चक्रधारी (सिवनी खुर्द, बाजार पारा)
पंचगण:
- श्री रेवाराम प्रजापति (सिवनी खुर्द)
- श्री दिनेश चक्रधारी (बारना)
- श्री जनक राम चक्रधारी (बाजार पारा, सिवनी खुर्द)
- श्री गोविंद चक्रधारी (मंदरोद)
- श्री हरीश प्रजापति (कंडेल)
- श्री समारू राम चक्रधारी (नवागांव)
युवा प्रकोष्ठ:
- जिला स्तरीय – श्री सूरज प्रजापति
- केंद्र स्तरीय – श्री विजय प्रजापति
महिला प्रकोष्ठ:
- जिला – श्रीमती सत्या प्रजापति
- केंद्र – श्रीमती सोनम चक्रधारी
कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठजनों, युवाओं और महिलाओं की सक्रिय भागीदारी रही। कुंभकार समाज ने अमर शहीद मिंधू कुम्हार के बलिदान को सदैव स्मरण रखने और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
