नवरात्रि पर्व के पावन अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा ‘‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’’ कार्यक्रम अंतर्गत कन्या पूजन का भव्य आयोजन कबीरधाम जिले में किया गया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं के प्रति सम्मान बढ़ाना तथा उनकी शिक्षा और सशक्तिकरण को प्रोत्साहित करना रहा।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने कन्याओं का पूजन किया और उन्हें फूल माला, कुमकुम, चंदन, चुनरी अर्पित कर दीप प्रज्वलित किया। उन्होंने कन्या भोज का शुभारंभ करते हुए कहा कि ‘‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’’ योजना आज के समय की अत्यंत आवश्यकता है। बेटियों की सुरक्षा, शिक्षा और सशक्तिकरण के बिना समाज और देश का विकास संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि बेटियों का सर्वांगीण विकास और आत्मसम्मान की रक्षा हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में सांसद श्री संतोष पाण्डेय, पंडरिया विधायक श्रीमती भावना बोहरा, पूर्व संसदीय सचिव डॉ. सियराम साहू, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री कैलाश चंद्रवंशी, नगर पालिका अध्यक्ष श्री चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, उपाध्यक्ष श्री पवन जायसवाल, जनपद अध्यक्ष श्रीमती गणपत सुषमा बघेल, जिला पंचायत सभापति श्री रामकुमार भट्ट सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
सभी अतिथियों ने कन्याओं का पूजन, श्रृंगार एवं भोजन कराकर उन्हें सम्मानित किया। कार्यक्रम में जिला कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा सहित जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी भी मौजूद रहे।
