स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान और स्वस्थ मां दिवस के अवसर पर बुधवार को जगदलपुर स्थित कलेक्टोरेट परिसर में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने और उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सेवाएँ प्रदान करने के उद्देश्य से यह शिविर आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
अभियान की थीम “स्वस्थ नारी–सशक्त परिवार” रखी गई है, जो इस संदेश को मजबूत करती है कि यदि महिलाएँ स्वस्थ होंगी, तभी परिवार और समाज सशक्त बन पाएगा।
शिविर में पहुँची महिलाओं ने नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच कराई और अनुभवी चिकित्सकों से स्वास्थ्य संबंधी परामर्श भी लिया। इस दौरान महिलाओं में विशेष रूप से रक्तचाप, शुगर और हीमोग्लोबिन स्तर की जांच की गई, ताकि पोषण और जीवनशैली से जुड़ी समस्याओं का समय रहते पता चल सके।
इस मौके पर डिप्टी कलेक्टर हीरा गवर्ना सहित अन्य महिला कर्मचारियों ने भी स्वास्थ्य जांच कराई।
यह आयोजन भारत सरकार के सेवा पखवाड़े (17 सितंबर से 2 अक्टूबर) के अंतर्गत संचालित स्वस्थ नारी–सशक्त परिवार अभियान का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से स्वास्थ्य विभाग ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों की महिलाओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग और जागरूक बनाने का प्रयास कर रहा है।
