रायपुर। छत्तीसगढ़ के होनहार युवा निशानेबाज अयान ख्वाजा ने एक बार फिर अपने बेहतरीन प्रदर्शन से राष्ट्रीय मंच पर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। मध्यप्रदेश शूटिंग अकादमी, भोपाल में 11 दिसंबर 2025 से 2 जनवरी 2026 तक आयोजित नेशनल शूटिंग प्रतियोगिता में अयान ने 50 मीटर राइफल प्रोन स्पर्धा में उत्कृष्ट निशाना साधते हुए “विख्यात निशानेबाज” की प्रतिष्ठित उपाधि अपने नाम की। इस उपलब्धि के साथ ही उन्होंने टीम इंडिया ट्रायल्स के लिए क्वालीफाई कर लिया है, जिसे उनके खेल करियर की एक अहम और निर्णायक सफलता माना जा रहा है।
अयान ख्वाजा की यह सफलता वर्षों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का परिणाम है। इससे पहले भी वे देशभर की प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुके हैं। देहरादून में आयोजित ऑल इंडिया ओपन नेशनल शूटिंग प्रतियोगिता में उन्होंने स्वर्ण पदक जीतकर राष्ट्रीय पहचान बनाई थी, जबकि भोपाल ऑल इंडिया ओपन राइफल प्रतियोगिता में एक रजत और एक कांस्य पदक हासिल कर अपनी निरंतरता और तकनीकी मजबूती को साबित किया।

लगातार राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतते हुए अयान ने न केवल व्यक्तिगत उपलब्धियां हासिल की हैं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ राज्य का मान भी बढ़ाया है। खेल विशेषज्ञों का मानना है कि यदि अयान इसी समर्पण, अनुशासन और फोकस के साथ आगे बढ़ते रहे, तो आने वाले वर्षों में वे अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी भारत का प्रतिनिधित्व करते नजर आ सकते हैं।
इस सफलता के पीछे उनके प्रशिक्षकों अहमद अली चिश्ती (रायपुर) और नीरज निखिल साइमन (भिलाई) का अहम योगदान माना जा रहा है, जिनके मार्गदर्शन, तकनीकी प्रशिक्षण और मानसिक तैयारी ने अयान को इस मुकाम तक पहुंचाया। अयान ख्वाजा की इस बड़ी उपलब्धि पर खेल प्रेमियों, प्रशिक्षकों और प्रदेशवासियों ने खुशी जाहिर करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
