बलौदाबाजार , धान खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने बलौदाबाजार जिले में जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर दीपक सोनी के निर्देश पर उपार्जन केंद्र मनोहरा के भौतिक सत्यापन में 124 क्विंटल से अधिक धान की कमी पाए जाने पर धान खरीदी प्रभारी के खिलाफ FIR दर्ज की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 5 जनवरी 2026 को उपार्जन केंद्र मनोहरा का निरीक्षण कर भौतिक सत्यापन किया गया। सत्यापन के दौरान केंद्र में कुल 124.80 क्विंटल धान (313 कट्टा) कम पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 2 लाख 95 हजार 651 रुपये आंकी गई है।
धान उपार्जन केंद्र मनोहरा के धान खरीदी प्रभारी ऋषि कुमार शर्मा पर शासन की धान खरीदी प्रक्रिया में छलपूर्वक अमानत में खयानत कर शासन को आर्थिक क्षति पहुंचाने का आरोप है। मामले को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त सहकारिता के निर्देशानुसार 13 जनवरी 2026 को थाना हथबंद में संबंधित प्रभारी के विरुद्ध प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि धान खरीदी में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी, हेराफेरी या अवैध गतिविधियों को लेकर जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई गई है। दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। हाल के दिनों में एक राइस मिलर के खिलाफ भी इसी तरह FIR दर्ज की जा चुकी है।
