रायपुर। अडानी पावर रायखेड़ा–तिल्दा में मजदूर संगठन एटक (AITUC) की हड़ताल चौथे दिन भी जारी है। संगठन ने अपनी मूलभूत मांगों, श्रम विभाग के तहत मिलने वाली सुविधाओं और शासन की गाइडलाइन लागू करवाने की मांग को लेकर प्रदर्शन तेज कर दिया है। साथ ही, एटक ने छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना (CKS) से भी समर्थन की अपील की है।
1600 से अधिक मजदूर डटे, ठंड में भी दिन–रात धरना
करीब 1600 श्रमिक अडानी पावर प्लांट के बाहर मोर्चा खोलकर बैठ गए हैं। कड़ाके की ठंड के बावजूद मजदूर दिन–रात धरने पर डटे हुए हैं और प्रबंधन से तत्काल बातचीत की मांग कर रहे हैं।
प्रबंधन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बातचीत नहीं
हड़ताली मजदूरों का कहना है कि अब तक कंपनी प्रबंधन की ओर से किसी भी प्रकार की आधिकारिक वार्ता शुरू नहीं की गई है। इससे मजदूरों में नाराज़गी बढ़ती जा रही है।
बाहरी मजदूरों को रातोंरात प्लांट में लाए जाने का आरोप
मजदूरों ने आरोप लगाया है कि हड़ताल को कमजोर करने के लिए कंपनी बाहर राज्यों से मजदूर बुलाकर रातोंरात प्लांट के भीतर वाहनों के जरिये पहुंचा रही है।
CKS कर सकती है आज प्रदर्शन
सूत्रों के मुताबिक, छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना आज मजदूरों के समर्थन में प्रदर्शन कर सकती है। संगठन का कहना है कि श्रमिकों की जायज मांगों को गंभीरता से सुना जाए।
अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी
एटक ने स्पष्ट कर दिया है कि जब तक श्रमिकों की वैध और मूलभूत मांगों को पूरा नहीं किया जाता, तब तक हड़ताल अनिश्चितकाल तक जारी रहेगी।
