जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की प्रभावशीलता का एक और सकारात्मक उदाहरण सामने आया है। विकासखंड प्रेमनगर के ग्राम नवापारा कला निवासी हृदय रोग से पीड़ित बच्ची आल्या का सफल निःशुल्क उपचार किया गया। बच्ची का ऑपरेशन राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) के तहत श्री सत्य साईं संजीवनी हॉस्पिटल, रायपुर में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
विगत दिवस मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) श्री कपिल देव पैकरा एवं जिला कार्यक्रम प्रबंधक (डीपीएम) द्वारा बच्ची के निवास पर गृह भ्रमण किया गया। इस दौरान स्वास्थ्य अधिकारियों ने बच्ची का आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण किया और परिजनों से उसके वर्तमान स्वास्थ्य की जानकारी ली। जांच में बच्ची पूरी तरह स्वस्थ पाई गई।
इलाज से संतुष्ट परिजनों ने जिला प्रशासन सूरजपुर और स्वास्थ्य विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समय पर मिली निःशुल्क और उच्चस्तरीय चिकित्सा सुविधा से उनकी बच्ची को नया जीवन मिला है।
उल्लेखनीय है कि कलेक्टर श्री एस. जयवर्धन के निर्देशानुसार जिले में हृदय रोग से पीड़ित बच्चों को श्री सत्य साईं संजीवनी हॉस्पिटल, रायपुर के सहयोग से निःशुल्क इलाज की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इस पहल से जरूरतमंद बच्चों को समय पर बेहतर उपचार मिल रहा है और उनका भविष्य सुरक्षित हो रहा है।
