प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम से बदली ज़िंदगी
मुंगेली जिले के ग्राम करही निवासी श्री प्रदीप यादव आज आत्मनिर्भरता, संघर्ष और मेहनत की प्रेरक मिसाल बन चुके हैं। प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP) के माध्यम से मिली सहायता ने उनके जीवन को नई दिशा दी है। कभी कलेक्टर कार्यालय के सामने घास-फूस की झोपड़ी में होटल संचालित करने वाले प्रदीप यादव आज एक सफल होटल व्यवसायी के रूप में पहचान बना चुके हैं।
पूर्व में उनका होटल एक अस्थायी झोपड़ी में संचालित होता था, जहां बरसात के मौसम में छप्पर से पानी टपकता था और अंदर कीचड़ भर जाने से ग्राहकों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ता था। सीमित संसाधनों के कारण व्यवसाय का विस्तार भी संभव नहीं हो पा रहा था। कठिन परिस्थितियों के बावजूद प्रदीप यादव ने हिम्मत नहीं हारी और अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास करते रहे।
इसी क्रम में उन्हें जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, मुंगेली द्वारा संचालित प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम की जानकारी मिली। योजना की विस्तृत जानकारी प्राप्त करने के बाद उद्योग विभाग के अधिकारियों ने उन्हें मार्गदर्शन प्रदान किया तथा ऋण प्रक्रिया में सहयोग किया। इसके पश्चात पंजाब नेशनल बैंक, शाखा मुंगेली द्वारा उन्हें 10 लाख रुपये का ऋण स्वीकृत किया गया।
प्राप्त ऋण राशि से प्रदीप यादव ने एक मकान किराये पर लेकर आधुनिक संसाधनों से सुसज्जित नया होटल स्थापित किया। बेहतर बैठने की व्यवस्था, स्वच्छ वातावरण एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाओं के कारण उनके होटल की लोकप्रियता तेजी से बढ़ी और ग्राहकों का विश्वास भी मजबूत हुआ।
प्रदीप यादव ने बताया कि आज उनका होटल सफलतापूर्वक संचालित हो रहा है। इससे प्राप्त आय से न केवल उनकी आर्थिक स्थिति सुदृढ़ हुई है, बल्कि उनके परिवार का जीवन स्तर भी पहले की तुलना में काफी बेहतर हुआ है। प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम ने उन्हें आत्मनिर्भर बनने का अवसर दिया और उनके सपनों को साकार किया।
