रायपुर, भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के बस्तर (जगदलपुर) प्रवास को लेकर राज्य प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। राष्ट्रपति के 7 फरवरी 2026 को प्रस्तावित बस्तर पंडुम के शुभारंभ अवसर पर प्रवास के संबंध में मुख्य सचिव विकासशील ने अधिकारियों की उच्च स्तरीय बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने राष्ट्रपति के प्रवास के दौरान सुरक्षा, चिकित्सा, आवागमन सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बस्तर कलेक्टर से आयोजन स्थल सहित की जा रही तैयारियों की जानकारी ली। साथ ही रायपुर कलेक्टर से भी आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए समन्वय के निर्देश दिए।
बैठक में जनसंपर्क एवं संस्कृति विभाग के सचिव रोहित यादव, सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव अविनाश चंपावत, गृह विभाग की सचिव नेहा चंपावत, स्वास्थ्य विभाग के सचिव अमित कटारिया, लोक निर्माण विभाग के सचिव कमलप्रीत सिंह सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
