बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज कराना अनिवार्य : मुख्य सचिव
मुख्य सचिव विकासशील ने आज मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित कार्यक्रम में ई-ऑफिस प्रणाली में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशंसा पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने मंत्रालय सहित राज्य शासन के सभी कार्यालयों के अधिकारी-कर्मचारियों को निर्धारित समय में अनिवार्य रूप से बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज कराने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने स्पष्ट किया कि बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज नहीं करना स्वीकार्य नहीं होगा। उन्होंने सभी को कार्यालयीन समय का पालन करते हुए नियमित रूप से उपस्थिति दर्ज कराने के लिए सचेत किया। साथ ही राज्य शासन के सभी कार्यालयों में ई-ऑफिस के माध्यम से ही फाइल संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने कहा कि राज्य शासन के सभी अधिकारी-कर्मचारी ई-ऑफिस प्रणाली में अनिवार्य रूप से ऑनबोर्ड हों। उन्होंने बताया कि आगामी वर्ष से अधिकारियों-कर्मचारियों के अवकाश आवेदन केवल ई-ऑफिस प्रणाली के माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे। इसके साथ ही अचल संपत्ति विवरण और वार्षिक गोपनीय प्रतिवेदन (एसीआर) भी प्रतिवर्ष ई-ऑफिस के जरिए दर्ज किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सभी विभागों में ई-ऑफिस में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को नियमित रूप से सम्मानित किया जाएगा। मुख्य सचिव ने टीम भावना से कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ को देश के उत्कृष्ट कार्य करने वाले राज्यों में शामिल कराने के लिए सभी को समन्वय के साथ काम करना होगा।
मुख्य सचिव ने सामान्य प्रशासन विभाग और राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र के अधिकारियों को विभागवार ई-ऑफिस डेटा तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों-कर्मचारियों को उनके कार्यों की स्थिति की जानकारी एसएमएस के माध्यम से उपलब्ध कराने और ई-ऑफिस प्रणाली का आवश्यक प्रशिक्षण देने के भी निर्देश दिए।
ई-ऑफिस में उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मान
ई-ऑफिस से फाइल कार्य के लिए वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की संयुक्त सचिव जयश्री जैन, आदिवासी विकास विभाग के संयुक्त सचिव भूपेन्द्र कुमार राजपूत और वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के संयुक्त सचिव प्रणय मिश्रा को प्रशंसा पत्र प्रदान किया गया।
उप सचिव श्रेणी में वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के उप सचिव दुरदेशी राम संतापर, मुख्यमंत्री सचिवालय के उप सचिव तीरथ प्रसाद लाड़िया और सामान्य प्रशासन विभाग-1 के उप सचिव किशोर कुमार भूआर्य को सम्मानित किया गया।
अवर सचिव श्रेणी में विधि एवं विधायी कार्य विभाग के अवर सचिव स्वर्गीय रणबहादुर ग्वाली, अरुण कुमार मिश्रा तथा गृह विभाग के अवर सचिव पूरनलाल साहू को ई-फाइल कार्य के लिए प्रशंसा पत्र दिया गया।
अनुभाग अधिकारी श्रेणी में गृह विभाग के अनुभाग अधिकारी पी. नागराजन, सामान्य प्रशासन विभाग के अनुभाग अधिकारी नंदकुमार मेश्राम और वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अनुभाग अधिकारी भोलेनाथ सारथी को सम्मानित किया गया।
कनिष्ठ सहायक श्रेणी में खनिज संसाधन विभाग के प्रदीप कुमार, सामान्य प्रशासन विभाग-3 के दीनानाथ साहू तथा सामान्य प्रशासन विभाग-7 के प्रदीप कुमार राय को ई-फाइल में उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रशंसा पत्र प्रदान किया गया।
समय पर उपस्थिति दर्ज कराने वालों का सम्मान
मंत्रालय में आयोजित ई-ऑफिस सम्मान समारोह में समय पर बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज कराने वाले शीर्ष 10 अधिकारी-कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया। इनमें राजेन्द्र प्रसाद त्रिपाठी, भूपेन्द्र कुमार राजपूत, नवीन नाग, योगेन्द्र कुर्रे, चंद्रकुमार कश्यप, अनुपम त्रिवेदी, मनोज कुमार जायसवाल, पवन कुमार साहू, भावना यादव और भूपेन्द्र कुमार वासनिकर शामिल रहे।
