रायगढ़ शिक्षा उन्नयन की दिशा में सशक्त कदम
केवड़ाबाड़ी स्थित शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित “स्मार्ट स्कूल हैंडओवर सेरेमनी” के दौरान वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओ.पी. चौधरी ने नव-निर्मित स्मार्ट क्लासरूम और आधुनिक लाइब्रेरी का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि स्मार्ट क्लासरूम और डिजिटल लाइब्रेरी भविष्य की शिक्षा प्रणाली का आधार हैं, जो विद्यार्थियों को 21वीं सदी के अनुरूप तकनीक-समर्थित, इंटरैक्टिव और व्यक्तिगत सीखने का अनुभव प्रदान करते हैं।
मंत्री श्री चौधरी ने बताया कि सरकार रायगढ़ जिले में शिक्षा अधोसंरचना के उन्नयन को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है, ताकि विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकों से लैस सीखने का वातावरण मिले।
अध्ययन-अभिरुचि में वृद्धि, संसाधन होंगे सुलभ
जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. के. व्ही. राव ने बताया कि नई लाइब्रेरी में विषयवार पुस्तकों, संदर्भ सामग्री और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु समृद्ध साहित्य उपलब्ध कराया गया है। इससे विद्यार्थियों की अध्ययन-अभिरुचि में वृद्धि होगी और उन्हें उच्चस्तरीय संसाधन स्कूल परिसर में ही मिल सकेंगे।
स्मार्ट क्लासरूम में स्थापित इंटरैक्टिव स्क्रीन, डिजिटल मॉड्यूल, प्रोजेक्टर और हाई-स्पीड इंटरनेट विद्यार्थियों को कठिन विषयों को दृश्यात्मक माध्यमों से समझने में अत्यधिक सहायक सिद्ध होंगे।
डिजिटल माध्यम से पढ़ाई हुई और रोचक
नई सुविधाओं को लेकर विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखा गया। छात्रों ने बताया कि डिजिटल माध्यम से पढ़ाई अधिक रोचक हो गई है और जटिल अध्याय भी ग्राफिक्स, वीडियो लेक्चर और एनिमेशन के जरिए पहले से बेहतर समझ आ रहे हैं। इससे सीखने की गति और आत्मविश्वास दोनों बढ़ेंगे।
कार्यक्रम के बाद वित्त मंत्री श्री चौधरी ने विद्यालय परिसर का निरीक्षण किया, विकास कार्यों की सराहना की और भविष्य में भी शिक्षा संसाधनों को और सशक्त बनाने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में महापौर श्री जीवर्धन चौहान, जिला शिक्षा अधिकारी, विभागीय अधिकारी, शिक्षक-कर्मचारी एवं अभिभावक उपस्थित थे। केवड़ाबाड़ी विद्यालय में आयोजित यह कार्यक्रम जिले में शिक्षा उन्नयन और तकनीकी नवाचार की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
