औंधी क्षेत्र में लापरवाही उजागर, बीएलओ से स्पष्टीकरण तलब
मोहला, 24 नवंबर 2025
कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति के निर्देश पर मानपुर–मोहला क्षेत्र में मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत राजस्व विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने आज औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण दल में अपर कलेक्टर जी.आर. मरकाम, एसडीओ राजस्व मोहला श्री हेमेंद्र भूआर्य, एसडीओ राजस्व मानपुर श्री अमित नाथ योगी और संबंधित तहसीलदार शामिल रहे।
अधिकारी दल ने मानपुर विकासखंड के औंधी, मानपुर, कांदाड़ी, सीतागांव, खड़गांव तथा मोहला विकासखंड के डुमरटोला, पददाटोला, मरारटोला, धोबेदंड और मोहभट्ठा गांवों में पहुंचकर विभिन्न पोलिंग स्टेशनों पर बीएलओ के कार्यों की समीक्षा की और आवश्यक निर्देश दिए। शनिवार और रविवार को भी अधिकारी मैदान में सक्रिय रहे।
औंधी क्षेत्र में गंभीर अनियमितता उजागर
निरीक्षण के दौरान औंधी में बड़ा मामला सामने आया। यहां लगभग 350 ऑफलाइन आवेदन (Form-6 आदि) प्राप्त हुए थे, लेकिन इनमें से मात्र 26 आवेदन ही ऑनलाइन प्रविष्ट पाए गए। शेष प्रपत्रों को ऑनलाइन करने में अत्यधिक देरी मिली, जो निर्वाचन आयोग के निर्देशों का उल्लंघन है।
निरीक्षण दल ने इस लापरवाही पर संबंधित बीएलओ से स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश जारी किए हैं। साथ ही सभी लंबित प्रपत्रों की तत्काल ऑनलाइन प्रविष्टि सुनिश्चित करने को कहा गया है।
दैनिक प्रगति रिपोर्ट अनिवार्य
निरीक्षण के दौरान मिली अन्य त्रुटियों के निराकरण हेतु अधिकारियों ने मार्गदर्शन देते हुए कहा कि अब प्रत्येक बीएलओ को प्रतिदिन प्रगति रिपोर्ट निरीक्षण दल एवं नियंत्रण कक्ष में प्रस्तुत करनी होगी, ताकि कार्य की निरंतर समीक्षा हो सके।
अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि भविष्य में ऐसी लापरवाही या विलंब की पुनरावृत्ति होने पर नियम अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
