धान खरीदी को लेकर आयोजित हुई समीक्षा बैठक
मोहला, कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति के निर्देशन में अपर कलेक्टर श्री जी.आर. मरकाम द्वारा धान उपार्जन केंद्रों के प्रभारी पटवारियों एवं नोडल अधिकारियों की धान खरीदी प्रक्रिया को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य समर्थन मूल्य पर धान खरीदी को पारदर्शी, व्यवस्थित एवं निष्पक्ष बनाना रहा।
अपर कलेक्टर श्री मरकाम ने निर्देशित किया कि धान खरीदी से संबंधित जारी किए गए सभी टोकनों की अनिवार्य रूप से गहन जांच की जाए। टोकन की पूर्ण जांच एवं सत्यापन के पश्चात ही समिति प्रभारियों को धान खरीदी की अनुमति दी जाए।
बैठक में यह भी स्पष्ट निर्देश दिए गए कि शासन द्वारा निर्धारित नीति के अनुसार नए टोकन केवल किसानों के भौतिक सत्यापन के बाद ही जारी किए जाएं, ताकि अवैध धान की खपाई पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके। इसके साथ ही धान के अवैध परिवहन को रोकने तथा कोचियों एवं बिचौलियों द्वारा समितियों में बेचे जा रहे धान पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।
अपर कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि जिन किसानों के रकबे में कोचियों या बिचौलियों का धान बिकते हुए पाया जाएगा, उनके विरुद्ध संबंधित थाने में एफआईआर दर्ज की जाएगी। जिला प्रशासन ने यह भी दोहराया कि धान खरीदी प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अनियमितता या लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
