रायपुर : आदिम जाति मंत्री श्री रामविचार नेताम ने किया
संस्थागत स्वच्छता को मिलेगा नया आयाम, युवाओं के लिए सृजित होंगे रोजगार के अवसर
मनेंद्रगढ़, छत्तीसगढ़ शासन के आदिम जाति विकास विभाग के मंत्री एवं मनेंद्रगढ़–चिरमिरी–भरतपुर जिले के प्रभारी मंत्री श्री रामविचार नेताम तथा स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने खड़गवां जनपद ग्राउंड से राज्य की पहली अभिनव पहल ‘जर्नी ऑफ सेनीटेशन हाईजिन (JOSH)’ का शुभारंभ किया। कार्यक्रम के दौरान संस्थागत शौचालयों की नियमित, वैज्ञानिक एवं सुरक्षित सफाई सुनिश्चित करने के उद्देश्य से इस योजना को हरी झंडी दिखाकर औपचारिक रूप से शुरू किया गया।
इस अभिनव पहल से छत्तीसगढ़ में संस्थागत स्वच्छता को एक नया आयाम मिलेगा, वहीं स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
स्वच्छता, स्वास्थ्य और रोजगार का सशक्त संगम
‘जोश’ पहल स्वच्छता, स्वास्थ्य और रोजगार—तीनों को एक मजबूत सूत्र में जोड़ती है। इसके अंतर्गत स्कूलों, स्वास्थ्य केंद्रों, छात्रावासों, आंगनबाड़ी केंद्रों सहित अन्य संस्थागत एवं सामुदायिक शौचालयों की नियमित सफाई के लिए स्थानीय युवाओं को ‘स्वच्छता प्रहरी’ के रूप में कार्य का अवसर प्रदान किया जाएगा।
सामाजिक परिवर्तन का माध्यम है स्वच्छता : नेताम
प्रभारी मंत्री श्री रामविचार नेताम ने अपने संबोधन में कहा कि “स्वच्छता केवल स्वास्थ्य की आवश्यकता नहीं है, बल्कि यह सामाजिक परिवर्तन और रोजगार सृजन का प्रभावी माध्यम भी है। ‘जोश’ पहल के माध्यम से युवा स्वच्छता प्रहरी बनकर समाज में सकारात्मक बदलाव के वाहक बनेंगे।”
चरणबद्ध तरीके से होगा विस्तार
कलेक्टर श्री डी. राहुल वेंकट के दिशा-निर्देशन एवं जिला पंचायत सीईओ के मार्गदर्शन में इस पहल की रूपरेखा तैयार की गई है। प्रारंभिक चरण में प्रत्येक जनपद में एक स्वच्छता प्रहरी के माध्यम से कार्यक्रम का क्रियान्वयन किया जा रहा है। योजना की सफलता के आधार पर इसे पूरे जिले में विस्तारित किया जाएगा।
स्वच्छता प्रहरी की भूमिका
‘जोश’ योजना के तहत स्वच्छता प्रहरी निर्धारित रूट चार्ट के अनुसार ग्राम पंचायतों का भ्रमण करेंगे। वे आधुनिक उपकरणों की सहायता से संस्थागत एवं सामुदायिक शौचालयों की पाक्षिक एवं मासिक सफाई सुनिश्चित करेंगे, जिससे शौचालयों की उपयोगिता बढ़ेगी और स्वच्छता स्तर में उल्लेखनीय सुधार होगा।
सुरक्षा किट का वितरण
कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता प्रहरियों को आधुनिक सफाई उपकरणों से युक्त स्वच्छता किट एवं आवश्यक सुरक्षा सामग्री प्रदान की गई, ताकि वे सुरक्षित एवं प्रभावी ढंग से कार्य कर सकें।
स्वच्छता शुल्क की व्यवस्था
संस्था प्रभारी के अनुरोध पर शौचालय की सफाई उपरांत प्रति यूनिट 200 रुपये स्वच्छता शुल्क स्वच्छता प्रहरी को प्रदान किया जाएगा, जिससे युवाओं को अतिरिक्त आय का अवसर प्राप्त होगा।
प्रारंभिक चयन
प्रारंभिक चरण में जनपद पंचायत मनेंद्रगढ़ से बेलबहरा निवासी प्रतिम कुमार, जनपद पंचायत खड़गवां से पोंडीडीह निवासी राजेश कुमार सहित भरतपुर जनपद से कुल तीन युवाओं को ‘जोश’ पहल के अंतर्गत स्वेच्छा से चिन्हांकित किया गया है।
अंतर-विभागीय अनुबंध
‘JO SH – Journey of Sanitation Hygiene’ के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा जनपद पंचायतों के साथ अंतर-विभागीय अनुबंध किया गया है। इससे संस्था प्रमुखों को स्वच्छता प्रहरी की सेवाएं सरलता से उपलब्ध हो सकेंगी।
यह पहल छत्तीसगढ़ में संस्थागत स्वच्छता के क्षेत्र में एक नई दिशा तय करेगी और युवाओं के लिए सम्मानजनक रोजगार के अवसर सृजित करेगी।
