बीजापुर , वन मंत्री श्री केदार कश्यप से आज बीजापुर जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों के पंच-सरपंचों ने नया रायपुर स्थित उनके निवास/कार्यालय में सौजन्य भेंट की। ये सभी जनप्रतिनिधि निमोरा स्थित ठाकुर प्यारेलाल पंचायत एवं ग्रामीण विकास संस्थान में आयोजित ग्रामीण विकास एवं सुशासन प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल होने रायपुर आए हुए हैं।
मंत्री श्री कश्यप ने सभी जनप्रतिनिधियों का आत्मीय स्वागत करते हुए कहा कि ग्राम पंचायतें ग्रामीण विकास की नींव हैं और पंच-सरपंच गांवों की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। भेंट के दौरान जनप्रतिनिधियों के नन्हे बच्चों के प्रति मंत्री श्री कश्यप का स्नेह और वात्सल्य विशेष रूप से सराहनीय रहा।
वन मंत्री ने कहा कि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य जनप्रतिनिधियों को ग्रामीण विकास, सुशासन और विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सक्षम बनाना है। प्रशिक्षण के दौरान ग्राम पंचायत विकास योजना सहित कई महत्वपूर्ण योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी जा रही है। साथ ही सूचना का अधिकार (RTI) जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है, ताकि पंच-सरपंच अपने कार्यकाल में इसका सही और जिम्मेदार उपयोग कर सकें।
श्री कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में और मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता गरीब, किसान और मजदूर हैं। उन्होंने कहा कि वीबी-जी राम जी योजना समावेशी विकास, सामाजिक न्याय और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसका क्रियान्वयन गांव-गांव में बेहतर और सुचारू ढंग से किया जाना चाहिए।
उन्होंने पंच-सरपंचों से कहा कि गांवों में विकास कार्यों की पारदर्शिता और समयबद्धता से ही जनता का विश्वास मजबूत होता है। मंत्री श्री कश्यप ने सभी जनप्रतिनिधियों को अपने-अपने गांवों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रेरित किया और हर संभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया।
