छत्तीसगढ़ शासन के जल संसाधन विभाग ने सूरजपुर जिले की दो महत्वपूर्ण जलाशय योजनाओं के लिए 5 करोड़ 61 लाख 51 हजार रुपये की राशि स्वीकृत की है। इन योजनाओं के पूरा होने से क्षेत्र में सिंचाई सुविधा को मजबूती मिलेगी और किसानों को सीधा लाभ मिलेगा।
स्वीकृत कार्यों के अंतर्गत विकासखंड ओड़गी स्थित बसनारा जलाशय के मरम्मत एवं जीर्णोद्धार कार्य के लिए 1 करोड़ 26 लाख 66 हजार रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। प्रस्तावित कार्य पूर्ण होने के बाद रूपांकित सिंचाई क्षमता 60 हेक्टेयर के विरुद्ध वर्तमान में 30 हेक्टेयर की कमी की पूर्ति होगी, जिससे पूरे रूपांकित क्षेत्र में सिंचाई सुविधा सुनिश्चित हो सकेगी।
इसी तरह विकासखंड प्रतापपुर की पहिया जलाशय योजना के निर्माण कार्य के लिए 4 करोड़ 34 लाख 85 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इस योजना के पूर्ण होने पर 100 हेक्टेयर खरीफ और 30 हेक्टेयर रबी सहित कुल 130 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी।
इन दोनों सिंचाई योजनाओं के कार्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण कराने के लिए मुख्य अभियंता, हसदेव-गंगा कछार जल संसाधन विभाग, अंबिकापुर को प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है।
