सूरजपुर जिले में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक अहम कदम उठाया गया है। कलेक्टर श्री एस. जयवर्धन के निर्देशानुसार एवं जिला पंचायत सीईओ के मार्गदर्शन में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत जनपद सूरजपुर की ग्राम पंचायत केशवनगर में निर्मित फीकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट (एफएसटीपी) का नगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों के समन्वय से सुचारू संचालन प्रारंभ कर दिया गया है।
इस पहल के अंतर्गत नगर पंचायत विश्रामपुर के डी-स्लज वाहन के माध्यम से ग्राम पंचायत क्षेत्रों में स्थित सेप्टिक टैंकों की नियमित डी-स्लजिंग की जा रही है। एकत्रित मलिय कीचड़ को केशवनगर स्थित एफएसटीपी प्लांट में वैज्ञानिक एवं सुरक्षित उपचार प्रक्रिया से गुजारकर पर्यावरण अनुकूल तरीके से निपटान किया जा रहा है।
इस व्यवस्था से पर्यावरण संरक्षण को मजबूती मिलेगी, मिट्टी की गुणवत्ता सुरक्षित रहेगी और भू-जल प्रदूषण से बचाव होगा। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता के स्तर में उल्लेखनीय सुधार आएगा। यह पहल स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के लक्ष्यों की प्राप्ति में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। संयंत्र के क्रियाशील होने से जिले में मलिय कीचड़ प्रबंधन को नई दिशा मिली है।
इसके साथ ही ग्राम पंचायत क्षेत्रों में नियमित रूप से जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। नागरिकों की सुविधा के लिए निकटवर्ती नगरीय निकायों के डी-स्लज वाहन चालकों के मोबाइल नंबर पंचायतों के सार्वजनिक स्थलों पर प्रदर्शित किए जा रहे हैं, ताकि आवश्यकता पड़ने पर आसानी से संपर्क किया जा सके।
इस कार्य में नगर पंचायत विश्रामपुर के सीएमओ एवं नगर पालिका सूरजपुर का सक्रिय सहयोग मिल रहा है। वर्तमान में जिले की सभी 6 नगरीय निकायों से उपलब्ध डी-स्लज वाहनों के लिए अनुबंध किया जा चुका है, जिससे जिले में फीकल स्लज प्रबंधन व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जा सकेगा।
