स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी विद्यालय, एनसीडीसी कोरबा के 68 छात्रों को मिली साइकिल
स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय, एनसीडीसी कोरबा में छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन ने सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत छात्राओं को साइकिल वितरित की।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के छायाचित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन से हुई। इस अवसर पर मंत्री देवांगन ने छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि सरस्वती साइकिल योजना का उद्देश्य छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में सुविधा प्रदान करना है ताकि वे नियमित रूप से पढ़ाई कर सकें। उन्होंने संदेश दिया — “खूब पढ़ें, खूब बढ़ें। बेटियां हैं तो कल है।” सभी विद्यार्थियों से लगन के साथ अध्ययन कर विद्यालय और प्रदेश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
उन्होंने बताया कि शिक्षा के क्षेत्र में गुणवत्ता बढ़ाने की दिशा में सरकार निरंतर कार्य कर रही है। जर्जर शासकीय विद्यालयों के नवीन भवनों का निर्माण तेजी से कराया जा रहा है। स्कूलों में नि:शुल्क नाश्ता दिया जा रहा है तथा मेधावी छात्र-छात्राओं को विशेष कोचिंग के लिए रायपुर भेजने की व्यवस्था की गई है।
मंत्री देवांगन ने कहा कि छात्राओं को स्कूल आने में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इस उद्देश्य से साइकिल वितरण किया जा रहा है। शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष राजेश राठौर, पार्षद सिमरन कौर, पार्षद मुकुंद कंवर, पार्षद लक्ष्मण श्रीवास, शाला प्रतिनिधि यासीन खान, मिलाप बरेठ, ज्योति वर्मा, श्रीधर द्विवेदी, अर्चना रूनीझा, मंदाकिनी त्रिपाठी, प्राचार्य डॉ. अलका फिलिप्स सहित अभिभावक और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
