रायपुर, उच्च शिक्षा विभाग में प्रयोगशाला परिचारक भर्ती के बाद अब भृत्य, चौकीदार और स्वीपर जैसे चतुर्थ श्रेणी के पदों पर भर्ती प्रक्रिया को तेज कर दिया गया है। विभाग द्वारा कुल 880 पदों पर सीधी भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया गया था।
इन पदों में प्रयोगशाला परिचारक के 430, भृत्य के 210, चौकीदार के 210 और स्वीपर के 30 पद शामिल हैं। विभागीय जानकारी के अनुसार भर्ती प्रक्रिया निर्धारित नियमों और दिशा-निर्देशों के तहत पूरी पारदर्शिता के साथ की जा रही है।
प्रयोगशाला परिचारक के 430 पदों के लिए छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल द्वारा परीक्षा आयोजित की जा चुकी है और इसकी अनंतिम सूची भी जारी कर दी गई है। चयनित अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन संचालनालय स्तर पर तेजी से किया जा रहा है।
वहीं भृत्य, चौकीदार और स्वीपर पदों पर सीधी भर्ती के लिए परीक्षा आयोजन की जिम्मेदारी भी छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल को सौंपी गई है। विभाग द्वारा सभी आवेदनों का त्रुटिरहित डिजिटल डाटा व्यापमं को सौंप दिया गया है। साथ ही पाठ्यक्रम, परीक्षा प्रारूप और अन्य आवश्यक जानकारी भी पहले ही उपलब्ध कराई जा चुकी है, जिसके आधार पर आगामी परीक्षाओं की तैयारी की जा रही है।
इन पदों की परीक्षा तिथि, प्रवेश पत्र और अन्य आवश्यक सूचनाएं छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल द्वारा जारी की जाएंगी। साथ ही विभाग द्वारा सूचना पटल और अन्य माध्यमों से अभ्यर्थियों को जानकारी दी जाएगी।
