श्रम विभाग द्वारा संचालित निःशुल्क कोचिंग योजना ने एक बार फिर अपनी प्रभावशीलता सिद्ध की है। योजना से लाभान्वित होकर ग्राम बेलखुरी निवासी श्री सुरेश कुमार लोधी ने पुलिस विभाग में आरक्षक पद पर चयन पाकर अपने परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
श्री सुरेश कुमार लोधी पूर्व में भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार बोर्ड में इलेक्ट्रिशियन के रूप में पंजीकृत थे। सीमित आय और संसाधनों के बावजूद उनका लक्ष्य शासकीय सेवा में जाना था, लेकिन आर्थिक कठिनाइयों के कारण प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करना कठिन था। ऐसे समय में श्रम विभाग की निःशुल्क कोचिंग योजना उनके लिए संबल बनी।
कोचिंग योजना के अंतर्गत उन्हें अनुभवी शिक्षकों का मार्गदर्शन, गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री और नियमित अभ्यास का अवसर मिला। सुव्यवस्थित तैयारी, अनुशासन और सही रणनीति के चलते उन्होंने पुलिस आरक्षक परीक्षा में सफलता हासिल की।
अपनी सफलता पर श्री लोधी ने कहा कि श्रम विभाग की इस योजना के बिना यह उपलब्धि संभव नहीं थी। यह योजना उन युवाओं के लिए आशा की किरण है, जो मेहनत करना चाहते हैं लेकिन संसाधनों की कमी के कारण पीछे रह जाते हैं।
श्रम विभाग की यह पहल श्रमिक वर्ग के युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और शासकीय सेवाओं में समान अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में एक प्रभावशाली कदम साबित हो रही है।
