छत्तीसगढ़ राज्य के रजत जयंती महोत्सव के विशेष अवसर पर लोक निर्माण विभाग द्वारा प्रदेशभर में महत्वपूर्ण सड़क निर्माण एवं उन्नयन कार्यों को मंजूरी दी जा रही है। इसी क्रम में बलरामपुर–रामानुजगंज जिले के लिए बड़ी सौगात दी गई है। जिले के अंतर्गत दो महत्वपूर्ण सड़कों के निर्माण व मजबूतीकरण कार्यों के लिए कुल 34 करोड़ 85 लाख 6 हजार रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है।
स्वीकृत कार्यों में कामेश्वर नगर रामचन्द्रपुर–लुरगी मार्ग के 48 किलोमीटर लंबाई में मजबूतीकरण एवं उन्नयन कार्य के लिए 25 करोड़ 68 लाख 85 हजार रुपये मंजूर किए गए हैं। वहीं सनावल मार्ग के 35 किलोमीटर लंबाई में मजबूतीकरण एवं उन्नयन कार्य हेतु 9 करोड़ 16 लाख 21 हजार रुपये की स्वीकृति दी गई है।
इन दोनों सड़कों के निर्माण एवं उन्नयन से क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा और ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों के बीच संपर्क बेहतर होगा। यह मार्ग स्थानीय लोगों के दैनिक आवागमन, व्यापार और परिवहन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माने जाते हैं।
लोक निर्माण विभाग के अनुसार, स्वीकृति मिलने के बाद सड़क निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा, जिससे आने वाले समय में क्षेत्रवासियों को बेहतर और सुरक्षित यातायात सुविधा मिल सकेगी।
