जूते-मोजे और घड़ी पर प्रतिबंध, आधे घंटे पहले बंद होंगे परीक्षा केंद्रों के गेट
जगदलपुर, छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापमं) द्वारा 1 फरवरी 2026 को आयोजित की जाने वाली राज्य स्तरीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) इस बार कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच संपन्न होगी। जगदलपुर जिला मुख्यालय में कुल 14,174 अभ्यर्थी इस परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने और नकल पर पूरी तरह रोक लगाने के उद्देश्य से व्यापमं द्वारा सख्त दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
जारी निर्देशों के अनुसार परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र में जूते-मोजे पहनकर प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। अभ्यर्थियों को केवल चप्पल पहनकर ही केंद्र में आना होगा। इसके अलावा गहरे रंग के कपड़ों पर भी प्रतिबंध लगाया गया है। परीक्षार्थियों को हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनने के निर्देश दिए गए हैं ताकि सुरक्षा जांच की प्रक्रिया सुचारू रूप से पूरी की जा सके। सुरक्षा जांच के दौरान साधारण स्वेटर को भी उतरवाकर जांच की जाएगी।
परीक्षा कक्ष में किसी भी प्रकार के आभूषण, पर्स, बेल्ट, टोपी, घड़ी और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। प्रशासन ने समय की पाबंदी को लेकर भी सख्त रुख अपनाया है। परीक्षा प्रारंभ होने के ठीक 30 मिनट पहले केंद्रों के मुख्य द्वार बंद कर दिए जाएंगे। प्रथम पाली, जो सुबह 9:30 बजे शुरू होगी, उसके लिए गेट सुबह 9 बजे बंद होंगे। वहीं द्वितीय पाली, जो दोपहर 3 बजे शुरू होगी, उसके लिए गेट दोपहर 2:30 बजे बंद कर दिए जाएंगे। निर्धारित समय के बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
परीक्षार्थियों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा केंद्र पर कम से कम दो घंटे पहले पहुँचें ताकि पहचान सत्यापन और सुरक्षा जांच समय पर पूरी हो सके।
जगदलपुर में परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी। सुबह की पाली में प्राथमिक स्तर के लिए 5,599 डीएड अभ्यर्थी 15 परीक्षा केंद्रों में शामिल होंगे। वहीं दोपहर की पाली में उच्च प्राथमिक स्तर के 8,575 बीएड अभ्यर्थियों की संख्या को देखते हुए परीक्षा केंद्रों की संख्या बढ़ाकर 24 कर दी गई है।
परीक्षा के दिन अभ्यर्थियों को अपना प्रवेश पत्र और मूल फोटो पहचान पत्र (जैसे आधार कार्ड) साथ लाना अनिवार्य होगा। किसी भी प्रकार की जानकारी या समस्या के समाधान के लिए हेल्पलाइन नंबर 0771-2972780 एवं मोबाइल नंबर 82698-01982 जारी किए गए हैं, जिन पर सुबह 10 बजे से शाम 5:30 बजे तक संपर्क किया जा सकता है।
