मुख्य सचिव श्री विकासशील ने कहा है कि विभागीय अधिकारी-कर्मचारियों की क्षमता विकास के लिए विभाग की जरूरतों और पदों की जिम्मेदारियों के अनुरूप प्रशिक्षण कोर्स निर्धारित किए जाने चाहिए, ताकि वे भारत सरकार के मिशन कर्मयोगी के लक्ष्यों के अनुरूप प्रभावी ढंग से कार्य कर सकें। उन्होंने यह भी कहा कि पदोन्नति अथवा नवीन पदस्थापना के बाद अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने नए दायित्वों के समुचित निर्वहन हेतु कम से कम एक सप्ताह का संस्थागत प्रशिक्षण अनिवार्य रूप से दिया जाना चाहिए।
मुख्य सचिव आज नवा रायपुर स्थित आईआईआईटी में क्षमता विकास आयोग, भारत सरकार एवं छत्तीसगढ़ प्रशासन अकादमी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित क्षमता विकास पर एक दिवसीय कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर गृह एवं जेल विभाग के अपर मुख्य सचिव श्री मनोज कुमार पिंगुआ भी उपस्थित रहे।
एआई टूल्स के माध्यम से क्षमता विकास पर मार्गदर्शन
मुख्य सचिव ने कहा कि कार्यशाला के दौरान अधिकारी-कर्मचारी क्षमता विकास आयोग, भारत सरकार की तकनीकी टीम से प्रशिक्षण कोर्स तैयार करने से संबंधित आवश्यक मार्गदर्शन और तकनीकी जानकारी प्राप्त करें। कार्यशाला में चयनित विभागों के अधिकारियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) टूल्स के माध्यम से अपने-अपने विभागों की क्षमता विकास योजनाएं तैयार करने का डेमो एवं व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
विभागीय प्रस्तुतिकरण भी किए गए
कार्यशाला में पंचायत एवं ग्रामीण विकास, महिला एवं बाल विकास तथा परिवहन विभाग द्वारा क्षमता विकास के लिए तैयार किए गए प्रशिक्षण कोर्स का प्रस्तुतिकरण किया गया, जिसे अन्य विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों ने भी देखा और समझा। आगामी दिनों में अन्य विभागों के लिए भी क्षमता निर्माण योजना आधारित कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी।
मिशन कर्मयोगी और विकसित भारत 2047 पर जोर
कार्यशाला में क्षमता विकास आयोग की चेयरपर्सन श्रीमती एस. राधा चौहान ने प्रतिभागियों को मिशन कर्मयोगी तथा विकसित भारत 2047 के लक्ष्यों के अनुरूप कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम को आयोग की प्रमुख सलाहकार श्रीमती चंदलेखा मुखर्जी, छत्तीसगढ़ प्रशासन अकादमी के डीजी श्री सुब्रत साहू एवं संचालक श्री टी.एस. महावार ने भी संबोधित किया।
वरिष्ठ अधिकारी रहे उपस्थित
कार्यशाला में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की प्रमुख सचिव श्रीमती निहारिका बारिक सिंह, नगरीय प्रशासन एवं मुख्यमंत्री के सचिव डॉ. बसवराजू एस., सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव श्री अविनाश चम्पावत, स्वास्थ्य विभाग के सचिव श्री अमित कटारिया सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
