Weather Alert : नई दिल्ली। दिल्ली-NCR में मंगलवार को मौसम ने अचानक रौद्र रूप ले लिया। सुबह से ही राजधानी दिल्ली, नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद में बादलों की घेराबंदी रही और रुक-रुककर तेज बारिश होती रही। शाम होते-होते हालात और बिगड़ गए, जब नोएडा समेत कई इलाकों में ओलावृष्टि शुरू हो गई। गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ हुई बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया।
नोएडा में शाम करीब पांच बजे गिरे ओलों के कारण सड़कों पर वाहनों की रफ्तार थम सी गई। अचानक बदले मौसम से ठंड में इजाफा हुआ और न्यूनतम तापमान गिरकर 8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मौसम विभाग (IMD) ने हालात को देखते हुए दिल्ली-NCR के कुछ इलाकों में रेड अलर्ट और कुछ क्षेत्रों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
दिनभर बदलता रहा मौसम का मिजाज
27 जनवरी की सुबह हल्की बारिश के साथ हुई, जो दोपहर तक जारी रही। दोपहर बाद आसमान कुछ देर के लिए साफ हुआ, लेकिन तेज ठंडी हवाओं ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। शाम ढलते ही एक बार फिर तेज बारिश शुरू हो गई और कई इलाकों में ओलावृष्टि ने हालात और बिगाड़ दिए। इससे पहले 23 जनवरी को भी दिल्ली-NCR में इसी तरह बारिश हुई थी, जबकि 24 से 26 जनवरी तक मौसम साफ रहा था।
इन इलाकों में गिरे ओले
नोएडा के साथ-साथ कालिंदी कुंज, बदरपुर और शाहीन बाग जैसे इलाकों में भी ओलावृष्टि दर्ज की गई। तेज ओलों के कारण ट्रैफिक प्रभावित हुआ और तापमान में तेजी से गिरावट आई। खासकर नोएडा और आसपास के क्षेत्रों में ठिठुरन बढ़ गई।

किसानों की बढ़ी चिंता
ओलावृष्टि ने किसानों की चिंता भी बढ़ा दी है। ग्रेटर नोएडा और आसपास के ग्रामीण इलाकों में खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। किसानों का कहना है कि अगर अगले एक-दो दिन तक ओलावृष्टि जारी रही, तो सरसों और सब्जियों की फसलों को भारी नुकसान हो सकता है। नारनौल सहित कई क्षेत्रों से भी फसल क्षति की खबरें सामने आई हैं।
अगले दो दिन तक राहत के आसार नहीं
मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक दिल्ली-NCR में बादल छाए रहेंगे और रुक-रुककर बारिश होती रहेगी। कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की संभावना भी बनी हुई है। IMD के महानिदेशक डॉ. मृत्युंजय महापात्रा ने बताया कि आने वाले दो से तीन दिनों में तापमान में और गिरावट देखने को मिल सकती है। तेज हवाओं के कारण ठंड का असर ज्यादा महसूस होगा।
सावधानी बरतने की सलाह
मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। छोटे बच्चों और बुजुर्गों को ठंड से बचाने के लिए घर के अंदर रहने और गर्म कपड़े पहनने की अपील की गई है। वहीं वाहन चालकों को बारिश और ओलावृष्टि के दौरान सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की सलाह दी गई है।
