Weather Alert : नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश समेत पूरे उत्तर भारत में 8 जनवरी से कड़ाके की ठंड ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि आने वाले सात दिनों तक उत्तर भारत और बिहार में सुबह के समय घना से बहुत घना कोहरा छाया रहेगा। वहीं, अगले तीन दिनों में मध्य भारत, उत्तर-पूर्वी भारत, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी कोहरे का असर देखने को मिलेगा।
उत्तर प्रदेश में कोहरे का अलर्ट
पूर्वी उत्तर प्रदेश में 9 जनवरी तक बहुत घना कोहरा रहने का अनुमान है, जबकि 10 जनवरी को भी घना कोहरा छा सकता है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में 9 जनवरी तक सुबह के समय घना से बहुत घना कोहरा पड़ने की संभावना है। इसके अलावा 12 से 15 जनवरी के बीच भी अलग-अलग क्षेत्रों में कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है।

‘कोल्ड डे’ और शीतलहर का खतरा
IMD के मुताबिक, अगले तीन दिनों में उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, राजस्थान, पूर्वी मध्य प्रदेश और बिहार में ‘कोल्ड डे’ की स्थिति रहेगी, यानी दिन में भी ठंड से राहत नहीं मिलेगी। साथ ही हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, राजस्थान, पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, ओडिशा और उत्तरी आंतरिक कर्नाटक में शीतलहर चलने की संभावना जताई गई है।
पिछले 24 घंटे का मौसम हाल
बीते 24 घंटों में जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया गया। हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी पारा शून्य से नीचे रहा। उत्तराखंड, दिल्ली और उत्तरी मध्य प्रदेश में तापमान 0 से 5 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज हुआ, जबकि उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 5 से 10 डिग्री सेल्सियस तक तापमान रिकॉर्ड किया गया।

कश्मीर में सीजन की सबसे ठंडी रात
कश्मीर घाटी में ठंड ने रिकॉर्ड तोड़ दिया है। श्रीनगर समेत कई इलाकों में बुधवार रात न्यूनतम तापमान शून्य से 5.1 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया, जो इस मौसम की अब तक की सबसे ठंडी रात रही। भीषण ठंड के चलते डल झील सहित कई जलाशयों के किनारे जम गए हैं।
सतर्क रहने की सलाह
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि कड़ाके की ठंड और घने कोहरे के दौरान सतर्क रहें। सुबह और रात के समय ड्राइविंग में विशेष सावधानी बरतें, बच्चों और बुजुर्गों का खास ध्यान रखें और अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें।
