Republic Day 2026-Vande Mataram : नई दिल्ली। भारत इस वर्ष अपना 77वां गणतंत्र दिवस मनाने जा रहा है और इस अवसर को खास बनाने की तैयारियां भी उतनी ही भव्य हैं। 26 जनवरी 2026 को होने वाली गणतंत्र दिवस परेड इस बार इतिहास रचने वाली है, क्योंकि राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष पूरे होने जा रहे हैं। इसी ऐतिहासिक मौके पर ऑस्कर विजेता संगीत निर्देशक एम. एम. कीरवानी ‘वंदे मातरम’ को एक नए और अनोखे संगीत अंदाज में प्रस्तुत करने जा रहे हैं।
‘RRR’ फिल्म के सुपरहिट गीत ‘नाटू नाटू’ के लिए ऑस्कर जीतकर दुनियाभर में भारत का नाम रोशन कर चुके कीरवानी अब राष्ट्रीय स्तर पर एक और यादगार रचना के साथ देशवासियों को गौरवान्वित करने वाले हैं। गणतंत्र दिवस परेड 2026 की थीम ‘वंदे मातरम’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ रखी गई है, जिसके तहत यह विशेष प्रस्तुति की जाएगी।
MM Keeravaani: 2500 कलाकारों की भव्य प्रस्तुति
इस ग्रैंड म्यूजिकल परफॉर्मेंस में देश के अलग-अलग राज्यों से करीब 2500 कलाकार हिस्सा लेंगे। संस्कृति मंत्रालय के तत्वावधान में होने वाली इस प्रस्तुति के जरिए ‘वंदे मातरम’ को आधुनिक और पारंपरिक संगीत के संगम के साथ नई पहचान दी जाएगी।
Vande Mataram New Musical Version : कीरवानी ने सोशल मीडिया पर दी जानकारी
एम. एम. कीरवानी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर इस खबर की पुष्टि करते हुए इसे अपने जीवन का गौरवपूर्ण क्षण बताया। उन्होंने लिखा कि ‘वंदे मातरम’ की 150वीं वर्षगांठ पर गणतंत्र दिवस परेड के लिए संगीत तैयार करने का अवसर मिलना उनके लिए सम्मान की बात है। उन्होंने देशवासियों से इस ऐतिहासिक पल का साक्षी बनने की अपील भी की।
‘वंदे मातरम’ का गौरवशाली इतिहास
राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ के रचयिता बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय हैं। यह गीत उन्होंने वर्ष 1876 में लिखा था, जिसे बाद में उनके प्रसिद्ध उपन्यास ‘आनंदमठ’ (1882) में शामिल किया गया। 2026 में इस राष्ट्रगीत के 150 वर्ष पूरे हो रहे हैं, जिसे देशभर में गर्व और सम्मान के साथ मनाया जाएगा।
