Red Fort Car Blast: नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के व्यस्त इलाके में सोमवार शाम अचानक जोरदार धमाका हुआ, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई। घटना लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 के पास की है, जहां एक खड़ी कार में विस्फोट हुआ। धमाके के तुरंत बाद कार में भीषण आग भड़क उठी, जो इतनी तेजी से फैली कि पास खड़ी तीन से चार अन्य गाड़ियां भी उसकी चपेट में आ गईं और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। दिल्ली फायर सर्विस के अनुसार, सूचना मिलते ही पांच दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया।

धमाके की आवाज दूर तक सुनाई दी और आसपास की दुकानों के शीशे तक टूट गए, जिससे इलाके में अफरातफरी मच गई। यह क्षेत्र शाम के समय बेहद भीड़भाड़ वाला रहता है, जहां पर्यटक और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में आते-जाते हैं। शुरुआती रिपोर्ट्स में 2-3 लोगों के घायल होने की खबर थी, लेकिन अधिकांश सूत्रों ने किसी के हताहत होने की पुष्टि नहीं की है। दिल्ली पुलिस ने इलाके को सील कर दिया है और बम निरोधक दस्ता व फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी हुई है।

पुलिस और फायर ब्रिगेड के अधिकारी हर एंगल से जांच कर रहे हैं। प्रारंभिक आशंका सीएनजी सिलेंडर लीक या तकनीकी खराबी की जताई जा रही है, लेकिन आतंकी हमले की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता। अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं हुआ है और कारणों का पता लगाने के लिए गहन जांच जारी है। दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल भी मौके पर पहुंच चुकी है।
