PM Modi Unveils Lord Rama Statue: कैनाकोना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को दक्षिण गोवा के कैनाकोना स्थित श्री संस्थान गोकर्ण पर्तगाली जीवोत्तम मठ में भगवान श्रीराम की भव्य 77 फीट ऊंची कांस्य प्रतिमा का अनावरण किया। यह आयोजन देश के सबसे प्राचीन मठों में से एक गोकर्ण पर्तगाली जीवोत्तम मठ के 550वें स्थापना वर्ष ‘सार्ध पंचशतामनोत्सव’ के उपलक्ष्य में हुआ। मठ के दर्शन करते हुए प्रधानमंत्री ने माथा टेका और पूजा-अर्चना की।
कार्यक्रम में गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत, मठ के महंत स्वामी, सैकड़ों संत-महंत और हजारों श्रद्धालु मौजूद रहे। 77 फीट ऊंची यह कांस्य प्रतिमा अब मठ परिसर की शोभा बढ़ा रही है और गोवा के धार्मिक पर्यटन को नई पहचान देगी। प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में मठ की 550 वर्षों की गौरवशाली परंपरा को याद करते हुए कहा कि यह संस्थान भारतीय संस्कृति और सनातन धर्म की जीवंत धरोहर है।

पीएम मोदी ने मंच से कहा कि गोवा की यह पवित्र भूमि सदियों से आध्यात्मिक ऊर्जा का केंद्र रही है और आज भगवान राम की यह भव्य प्रतिमा देश-दुनिया के श्रद्धालुओं के लिए नया आकर्षण बनेगी। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और भजन-कीर्तन का आयोजन भी हुआ। गोवा में प्रधानमंत्री के इस दौरे ने स्थानीय लोगों में भारी उत्साह पैदा किया है और मठ के 550वें वर्ष के उत्सव को ऐतिहासिक बना दिया।
