समस्तीपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को बिहार के समस्तीपुर में आयोजित जनसभा में एनडीए और सुशासन सरकार की समर्थन में जोरदार अपील की। उन्होंने महागठबंधन और जंगलराज के खतरों का उल्लेख करते हुए कहा कि बिहार की जनता इस बार फिर सुशासन और विकास की राह चुनेंगी।
पीएम मोदी ने कहा कि लोकतंत्र का महापर्व शुरू हो चुका है और पूरा बिहार कह रहा है, “फिर एक बार एनडीए सरकार, फिर एक बार सुशासन सरकार।” उन्होंने महागठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि यह गठबंधन केवल अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए काम करता है, जबकि एनडीए गरीब, पिछड़े और वंचितों के कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रहा है।
उन्होंने अपने भाषण में समस्तीपुर के माहौल और मिथिला के उत्साह का उल्लेख करते हुए कहा कि जनता की व्यापक भागीदारी ने बिहार में नई रफ्तार सुनिश्चित की है। पीएम मोदी ने कर्पूरी ठाकुर को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि जननायक की प्रेरणा से एनडीए सरकार सुशासन को समृद्धि में बदल रही है।
गरीबों और पिछड़ों के हितों की सुरक्षा
पीएम मोदी ने बताया कि एनडीए सरकार ने गरीब, दलित, पिछड़ा और अतिपिछड़े वर्ग के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। उन्होंने यह भी कहा कि सामान्य वर्ग के गरीबों के लिए 10 प्रतिशत आरक्षण का निर्णय एनडीए की सरकार ने लिया है। साथ ही, अनुसूचित जाति और जनजाति के आरक्षण को 10 साल के लिए और आगे बढ़ाया गया।
आरजेडी-कांग्रेस पर तंज
प्रधानमंत्री ने आरजेडी और कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि ये केवल अपने परिवारों और राजनीतिक स्वार्थ के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आरजेडी और कांग्रेस के नेताओं पर घोटालों और चोरी के मामले दर्ज हैं और जंगलराज की नीति ने बिहार की कई पीढ़ियों को बर्बाद कर दिया। पीएम ने कहा कि बिहार के लोग जननायक कर्पूरी ठाकुर का अपमान कभी सहन नहीं करेंगे।
