Odisha Train Accident : जाजपुर। ओडिशा के जाजपुर जिले में गुरुवार (5 फरवरी) को एक बड़ा रेल हादसा हुआ। जाखपुरा रेलवे स्टेशन के पास चेन्नई सेंट्रल-न्यू जलपाईगुड़ी सुपरफास्ट एक्सप्रेस के तीन डिब्बे पटरी से उतर गए। ट्रेन भुवनेश्वर से कोलकाता जा रही थी। इस हादसे से यात्रियों में दहशत फैल गई, लेकिन सभी यात्री सुरक्षित रहे और किसी के घायल होने की सूचना नहीं मिली।
जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब 8:50 बजे ट्रेन का एसी डिब्बा और दो जनरल डिब्बे ट्रैक चेंज के दौरान पटरी से उतर गए। घटना के तुरंत बाद रेलवे अधिकारियों और बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। रेलवे ने प्रभावित लाइन पर मरम्मत का काम शुरू कर दिया है और इंजीनियरिंग टीमें ट्रैक को साफ कर सामान्य ट्रेन सेवाओं को जल्द से जल्द बहाल करने में लगी हैं।
रेलवे अधिकारियों ने कहा कि हादसे के कारणों की जांच अभी जारी है। शुरुआती रिपोर्ट में कहा गया कि पटरी से उतरने का सही कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। वरिष्ठ अधिकारी मौके पर स्थिति की निगरानी कर रहे हैं और किसी भी संभावित रुकावट को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठा रहे हैं।
